भोपाल में दौडऩे को तैयार खड़ी मेट्रो

Aug 05, 2025

- चकाचक रेडी 8 स्टेशन, मिनटों में नाप देगी शहर

भोपाल। झीलों की नगरी भोपाल में मेट्रो ट्रेन का सपना पूरा होने जा रहा है। अक्टूबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेट्रो ट्रेन को लॉन्च करेंगे। पहले चरण में मेट्रो को सुभाष नगर से भोपाल एम्स के बीच 6.22 किमी लंबे प्रायोरिटी कॉरिडोर पर चलाया जाएगा। जहां मेट्रो 40 किलोमीटर की स्पीड से पेसेंजर्स को सफर कराएगी। हालांकि अक्टूबर की किस तारीख को ट्रेन का लोकार्पण होगा, इसकी अभी डेट अनाउंस नहीं हुई है। आईए जानते हैं भोपाल मेट्रो ट्रेन की खासियत।

वर्तमान में इसके ट्रैक का शत प्रतिशत काम पूरा हो गया है। कुछ स्टेशनों में फिनिशिंग का काम चल रहा है। बता दें कि, मेट्रो ट्रेन की लंबे वक्त से मांग चल रही थी। सात साल पहले 2018 में मोदी सरकार ने मेट्रो ट्रेन प्रोजेक्ट को मंजूरी दी थी। 2019 में इस प्रोजेक्ट पर काम शुरु हुआ। पहले चरण में सुभाष नगर से एम्स के बीच मेट्रो का काम शुरु हुआ। इस रूट के निर्माण पर 2225 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। हालांकि बीच में कई अड़चने भी आईं और काम रुक गया। हालांकि अभी ट्रेन का किराया कितना होगा इस बारे में जानकारी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि इंदौर मेट्रो की तरह मिनिमम 20 रुपए और मैक्सिमम 25 रुपए किराया हो सकता है।

सीएम मोहन यादव ने की थी ट्रेन की सवारी

कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मेट्रो ट्रेन के ट्रायल कोच में सवार होकर निरीक्षण भी किया था और कुछ दूरी की यात्रा भी की थी। यह ट्रेन सुभाष नगर से भोपाल एम्स तक चलेगी। इसके 8 स्टॉप होंगे जो ऊपर की तरफ बने हैं। मेट्रो आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। इसमें एस्केलेटर, लिफ्ट और ऑटोमेटिक किराया सिस्टम होगा। साथ ही दिव्यांग और बुजुर्ग लोगों के लिए भी खास व्यवस्था की गई है। मेट्रो रेल का उद्देश्य भोपाल में आवागमन को आसान बनाना है। भोपाल मेट्रो से शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होने की संभावना है।

सरकार ने खरीदीं 27 ट्रेनें, 9 आ चुकी हैं

बता दें कि, मोहन यादव सरकार ने मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए 27 ट्रेनें खरीदी हैं। जिनमें से 9 ट्रेनें आ चुकी हैं और बाकि आना अभी शेष है। शुरूआत में ये मेट्रो अत्याधुनिक 3 कोच वाली होगी। मेट्रो करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी। इसमें करीब 900 यात्री सफर कर सकेंगे। वहीं 150 यात्रियों के बैठने की व्यवस्ता होगी। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर स्काईवॉक भी बनाया जा रहा है। यह स्काईवॉल 700 मीटर का होगा। इसका एक छोर रेलवे स्टेशन के कॉनकोर्स और दूसरा मेट्रो स्टेशन के कॉनकोर्स से जुड़ा होगा। यानी सीधे रेलवे स्टेशन से मेट्रो पर पहुंच सकेंगे। राजधानी में आरेंज लाइन के साथ ब्लू लाइन का काम भी शुरु हो गया है। रत्नागिरी तिराहे से भदभदा चौराहे तक मेट्रो की ब्लू लाइन के निर्माण के लिए भी कंपनी ने काम शुरू कर दिया। इसमें 14 किलोमीटर का एलिवेटेड कारिडोर, 13 मेट्रो स्टेशन, रोलिंग स्टाक समेत अन्य निर्माण कार्यों में 1122 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वर्ष 2026 तक ये प्रोजेक्ट पूरा होगा। जबकि एम्स से करोंद तक प्रस्तावित करीब 16 किलोमीटर कारिडोर का काम 2027 तक पूर्ण होगा। इसके बाद शहर के 30 किलोमीटर मार्ग में मेट्रो का संचालन किया जाएगा।

प्रतिदिन मेट्रो को चलाकर टेस्टिंग हो रही

मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कार्पोरेशन के एमडी एस कृष्ण चैतन्य ने बताया कि कि एम्स साकेत नगर से सुभाष नगर डिपो तक करीब 7 किलोमीटर का प्रायोरिटी कॉरिडोर पूरी तरह तैयार है। इस मार्ग में प्रतिदिन मेट्रो को चलाकर टेस्टिंग की जा रही है। डीआरएम और एम्स मेट्रो स्टेशन में कुछ रेनोवशन का काम किया जा रहा है। बाकी पूरा कॉरिडोर और इस पर बने मेट्रो स्टेशन तैयार हैं। शासन से जैसे ही मेट्रो के संचालन की हरी झंडी मिलती है, तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। 14।99 किलोमीटर की ऑरेंज लाइन में सुभाष नगर से एम्स के बीच सवा छह किलोमीटर का प्रायोरिटी कारिडोर है। इस प्रायोरिटी कारिडोर में अभी मेट्रो की टेस्ट राइड की जा रही है। प्रायोरिटी कारिडोर में आठ स्टेशन क्रमश: रानी कमलापति, सुभाष नगर, केंद्रीय विद्यालय, डीबी मॉल, एम्स, अलकापुरी और डीआरएम ऑफिस मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। इनका काम भी पूरा हो चुका है।

ऑरेंज लाइन का यह रहेगा रूट

प्रायोरिटी कॉरिडोर में बाद ऑरेंज लाइन में अब सुभाष नगर से करोंद तक करीब 8.77 किलोमीटर एलिवेटेड और अंडरग्राउंड कारिडोर बनाया जाएगा। इसका काम भी शुरु कर दिया गया है। 8.77 किलोमीटर के मार्ग में 3.39 किलोमीटर मार्ग भूमिगत होगा। इसमें दो मेट्रो स्टेशन भोपाल रेलवे स्टेशन व नादरा बस स्टैंड भी रहेंगे। मेट्रो की दोनों लाइनों में यह एकमात्र भूमिगत हिस्सा रहेगा। भूमिगत मेट्रो सिंधी कालोनी, ऐशबाग क्रासिंग से होती हुई भोपाल स्टेशन और नादरा बस स्टैंड को स्टेशनों के माध्यम से जोड़ेगी।


Subscribe to our Newsletter