गणेशोत्सव के अवसर पर भारतीय स्वच्छता लीग के तहत दिया स्वच्छ्ता का संदेश
Sep 18, 2023
उल्हासनगर, । गणेशोत्सव तथा स्वच्छ भारत अभियान (नागरी) के तहत उल्हासनगर मनपा के लोक स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुक्त अजीज शेख एवं अतिरिक्त आयुक्त जमीर लेंगरेकर के मार्गदर्शन में इंडियन स्वच्छता लीग 2.0 अभियान के तहत स्वच्छता अभियान एवं रैली का आयोजन किया गया. रविवार को मनपा उपायुक्त डॉ.सुभाष जाधव, सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारी मनीष हिवरे तथा मुख्य स्वच्छता निरीक्षक एकनाथ पवार के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया. इसमें सभी स्वच्छता निरीक्षक, मुकादम और कर्मचारी, शहर के ब्रांड एंबेसडर सिमरन केणे और उनकी टीम, वेदांत कॉलेज, सेवा सदन कॉलेज, डीटी कलानी कॉलेज के एनएसएस छात्र और वृक्ष फाउंडेशन की ज्योति तायडे, सामाजिक कार्यकर्ता राजू तेलकर तथा व्यापारी संगठन के अध्यक्ष जगदीश तेजवानी, सखी सामाजिक संस्था की सिमरन लालजीवनी, अशोका फाउंडेशन के शिवाजी रगड़े, वान्या फाउंडेशन की रेखा ठाकुर, यूसीएफ संस्था के प्रदीप कपूर और टीम तथा स्थानीय नागरिकों की भागीदारी के साथ शहाड स्टेशन परिसर से नीलकंठ मंदिर और गणेश विसर्जन घाट उल्हासनगर रेलवे स्टेशन से चांदीबाई कॉलेज से कशामल पुतला से छत्रपति शिवाजी चौक रोड उल्हासनगर तीन तक श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाया गया एवं स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई।
चूँकि गणेशोत्सव नजदीक है. शहर में हर तरफ उत्सव के जश्न का माहौल है. ऐसे में मनपा भी शहर को स्वच्छ और सुंदर दिखाने के लिए प्रयासरत है. शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए नागरिकों को संदेश एवं अपील की गई कि वे अपने घरों से निकलने वाले गीले, सूखे एवं जैविक कचरे का वर्गीकरण कर महानगर पालिका के कचरा संग्रहणकर्ता को दें। गणेशोत्सव को पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाने का भी संदेश दिया गया.