
मानसिक रूप से कमजोर महिला की सड़क हादसे में मौत
Mar 22, 2025
भोपाल। बैरसिया थाना इलाके में स्थित मेघरा कलां जोड़ पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात वाहन ने महिला को टक्कर मार दी। लोगो ने उसे इलाज के लिए निजी वाहन से बैरसिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। वहां इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद महिला की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मिली जानकारी के अनुसार मेघरा कलां जोड़ पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे राहगीरों ने एक महिला को घायल अवस्था में देखा था। महिला के हाथ पैर और सिर में गंभीर चोट थी।
उसे राहगीरों ने निजी वाहन ने बैरसिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा दिया। वहां करीब एक घंटे बाद डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है, कि महिला के पास से कोई भी दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे की उसकी शिनाख्त की जा सके। महिला इलाके में लंबे समय से घूमते फिरते देखी गई थी। यह भी बताया जाता है कि उसका मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ था। अनुमान है कि करीला मेला में कस्बे में भीड़ भाड़ थी। इसी बीच किसी अज्ञात वाहन ने उसे सड़क पार करते समय टक्कर मार दी। मामला दर्ज का पुलिस फिलहाल महिला की पहचान जुटाने के प्रयास कर रही है।