मेघा इंजीनियरिंग बेचेगी अपना सिटी गैस कारोबार
May 27, 2024
नई दिल्ली । चुनावी बॉन्ड खरीदने वाली दूसरी सबसे बड़ी कंपनी हैदराबाद स्थित मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर (एमईआईएल) अब अपने सिटी गैस कारोबार को बेचने का मन बना रही है। मेघा इंजीनियरिंग 966 करोड़ रुपये के साथ चुनाव बॉन्ड की दूसरी सबसे बड़ी खरीदार रही है। कंपनी पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगे थे। कंपनी के एक पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी मेघा सिटी गैस वितरण ने परिचालन को मजबूत करने का फैसला किया है। इसके लिए उसने इंडियन ऑयल कॉर्प, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्प, भारत पेट्रोलियम कॉर्प और इंद्रप्रस्थ गैस जैसी सरकारी कंपनियों से संपर्क किया है। हालांकि इस पर अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है।
हालांकि मामले से जुड़े एक अधिकारी का कहना है कि कंपनियां अभी प्रस्ताव मूल्यांकन और आंकड़ों का अध्ययन कर रही हैं। मेघा सिटी गैस की संपत्तियों का मूल्यांकन करने वाली कंपनी के एक वरिष्ठ उद्योग अधिकारी के मुताबिक कंपनी ने जमीनी स्तर पर बहुत ज्यादा काम नहीं किया है। उन्होंने मूल्यांकन 1000 से 2000 करोड़ रुपये के बीच आंका है। बता दें कि मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर एक 5 बिलियन डॉलर की इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है। कंपनी का कारोबार हाइड्रोकार्बन, इलेक्ट्रिक बसें, रक्षा, बिजली, परिवहन और विनिर्माण क्षेत्र में फैला हुआ है। इसने 2015 में मेघा गैस ब्रांड नाम से शहरी गैस वितरण में प्रवेश किया और वित्त वर्ष 22 तक एमईआईएल के रूप में काम करना जारी रखा।