महापौर श्रीमती राय ने किया जोन क्र. 15 के विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण

Feb 14, 2025

स्वच्छता संबंधी सभी कार्यों,गतिविधियों को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

  भोपाल। महापौर श्रीमती मालती राय द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण के निर्धारित मानकों अनुसार स्वच्छता संबंधी कार्यो,गतिविधियों को बेहतर ढंग से सुनिश्चित कराने के दृष्टिगत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर स्वच्छता संबंधी कार्यों का अवलोकन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरूवार को महापौर श्रीमती मालती राय ने जोन क्रमांक 15 के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया और साफ-सफाई संबंधी सभी कार्यों व स्वच्छता की गतिविधियों को और अधिक बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महापौर श्रीमती राय ने सोनागिरी पार्क को और अधिक व्यवस्थित करने और पार्क के चारों ओर ग्रीन नेट लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान श्रीमती राय ने आनंद नगर उच्चतर मा. विद्यालय संकुल केन्द्र का भी निरीक्षण किया और शाला में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु शाला प्रबंधन को भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर परिषद के सदस्य आर.के.सिंह बघेल, जोन अध्यक्ष राजेश चैकसे, पार्षद सुरेन्द्र बाड़ीका, सहायक आयुक्त सुश्री कीर्ति चैहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।  

महापौर श्रीमती मालती राय ने गुरूवार जोन क्र. 15 के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था सहित जनसुविधाओं का अवलोकन किया और स्वच्छ सर्वेक्षण के निर्धारित मानको अनुसार स्वच्छता संबंधी कार्यों एवं गतिविधियों के संबंध में निगम अधिकारियों से विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की साथ ही श्रीमती राय ने स्थानीय नागरिकों से भी चर्चा की। महापौर श्रीमती राय ने सभी क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर ढंग से सुनिश्चित कराने, कचरा पृथक्कीकरण पर फोकस करने और कचरा पृथक-पृथक न रखने वालों के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। महापौर ने स्वच्छता की गतिविधियों में सक्रिय सहयोग हेतु नागरिकों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। 

महापौर श्रीमती राय ने सोनागिरी पार्क का भी निरीक्षण किया और पार्क को और बेहतर ढंग से संधारित करने, पेड़,पौधों की आवश्यकतानुसार छटाई-कटाई कराकर सुंदर स्वरूप प्रदान करने, पार्क के चारों ओर ग्रीन नेट लगाने के निर्देश दिए। महापौर श्रीमती राय ने आनंद नगर उ.मा.विद्यालय संकुल केन्द्र का भी निरीक्षण किया और विद्यालय में साफ-सफाई व्यवस्था व स्वच्छता की गतिविधियों के संबंध में विद्यालय प्रबंधन से चर्चा की।  महापौर श्रीमती राय ने विद्यालय के प्राध्यापकों से शाला में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने, विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को स्वच्छता की गतिविधियों में सहयोग हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए। 


Subscribe to our Newsletter