लॉस एंजेलिस में भारी बवाल: प्रदर्शनकारियों ने मैक्सिको के झंडे लहराए, पुलिस ने दागी गोलियां
Jun 09, 2025
लॉस एंजेलिस। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को स्पष्ट शब्दों में कहा कि लॉस एंजेलिस में हो रहे प्रदर्शन अब ‘अवैध प्रवासियों और अपराधियों की ओर से किया गया एक विद्रोह’ है और इसे खत्म करना उनका फर्ज है। इमिग्रेशन रेड्स के खिलाफ दूसरे दिन भी जारी प्रदर्शन के बीच उन्होंने 2,000 नेशनल गार्ड सैनिकों की तैनाती कर दी। इसे उन्होंने कानून और व्यवस्था की बहाली बताया। यहां के डिटेंशन सेंटर के बाहर प्रदर्शनकारियों पर रविवार को भी आंसू गैस के गोले छोड़े गए। लोग गिरफ्तारी की नीतियों का विरोध कर रहे थे। कई प्रदर्शनकारियों के हाथों में मैक्सिकन झंडे थे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी, हम देश में कहीं भी इस तरह की अराजकता नहीं फैलने देंगे। जरूरत पड़ी तो मरीन भी भेजेंगे।अपने विमान एयरफोर्स वन में सवार होने से पहले मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि हम सख्त रुख अपनाएंगे। इसके बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर और भी सख्त बयान देते हुए कहा, ‘एक समय महान रही अमेरिकी सिटी लॉस एंजेलिस को अब अवैध घुसपैठियों और अपराधियों ने घेर लिया है। हम इसे वापस लाएंगे। लॉस एंजेलिस आजाद होगा। उन्होंने ऐलान किया कि होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम, डिफेंस सेक्रेटरी पीट हेगसेथ और अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को निर्देश दिए गए हैं कि एलए को मुक्त कराने और अवैध प्रवासियों की दंगाई भीड़ को खत्म करने’ के लिए जरूरी हर कदम उठाएं।