मुनाफावसूली से बाजार गिरावट पर बंद
May 27, 2024
सेंसेक्स 19.89 अंक , निफ्टी 24.65 अंक नीचे आया
मुम्बई । घरेलू शेयर बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। बाजार में ये गिरावट दुनिया भर से मिले अच्छी संकेतों के बाद भी मुनाफावसूली हावी होने से आई है। दिन भर के कारोबार के बाद तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स आज 76,009.68 अंक के स्तर तक जाने के बाद अंत में 0.03 फीसदी करीब 19.89 अंक नीचे आकर 75,390.50 पर बंद हुआ। वहीं इसी प्रकार पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 0.11 फीसदी तकरीबन 24.65 अंक टूटकर 22,932.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ। आज कारोबार के दौरान सेंसेक्स की कंपनियों में विप्रो , एनटीपीसी, सन फार्मा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईटीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई।
वहीं इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर मुख्य रुप से लाभ में रहे।
निवेशकों की अंतिम समय में मुनाफावसूली से सेंसेक्स दिन के शीर्ष स्तर से नीचे लुढ़क गया। इस दौरान सेंसेक्स 835 अंक गिरकर 75,175.27 के निचले स्तर पर आ गया।
वहीं आईटीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में गिरावट की वजह से भी बाजार नीचे आया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में करीब एक फीसदी की गिरावट आई, जिससे बेंचमार्क इंडेक्स नीचे आ गये।
इसके अलावा एफएमसीजी सेक्टर की दिग्गज कंपनी आईटीसी के शेयरों में बिकवाली से भी बाजार की बढ़त कम हुई है।
वहीं इससे पहले आज सेंसेक्स इंट्रा-डे सत्र में पहली बार 76,000 के स्तर तक पहुंचा। इसके अलावा निफ्टी भी शीर्ष स्तर पर पहुंचने के बाद नीचे आया। इससे पहले आज सुबह बाजार की सकारात्मक शुरुआत हुई। बाजार के प्रमुख इंडेक्स ऊपर आये। एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स 0.35 फीसदी बढ़कर 75,671.07 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 0.31 फीसदी उछलकर 23,027.40 के स्तर पर कारोबार करते देखा गया। बीएसई पर, टाटा स्टील, भारती एयरटेल लाभ में रहें जबकि विप्रो, मारुति टॉप लूजर्स में रहें। इसी तरह एनएसई पर, डिविस लैब के शेयर सबसे अधिक लाभ में रहे जबकि अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर नीचे आये। व्यापक बाजारों में, निफ्टी मिडकैप 52,811.65 के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। इस बीच निफ्टी स्मॉलकैप करीब 1 फीसदी बढ़कर 17,049.50 के स्तर पर पहुंच गया।