दिग्गज कंपनियों के शेयर में गिरावट से लाल निशान पर बंद हुआ बाजार
Nov 09, 2023
महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में रही तेजी
मुंबई । रिलायंस, एचयूएल, टेक महिंद्रा, टीसीएस और इंफोसिस के शेयरों में गिरावट और ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले रुझानों के बीच गुरुवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद घरेलू शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुए। दोनों फ्रंटलाइन इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 143 अंक कमजोर हुआ। वहीं, निफ्टी (निफ्टी) में भी 42 अंक की गिरावट देखी गई। व्यापक बाजारों में, बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में क्रमशः 0.26 प्रतिशत और 0.11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स (सेंसेक्स) 143.41 अंक की गिरावट के साथ 64,832.20 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 65,046.56 की ऊंचाई तक गया और नीचे में 64,768.76 तक आया। वहीं, दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी (निफ्टी) में भी 42.30 अंक की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी दिन के अंत में 19,401.20 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 19,463.90 की ऊंचाई तक गया और नीचे में 19,378.35 तक आया।
गुरुवार के कारोबार में सेंसेक्स के शेयरों में 13 शेयर हरे निशान पर बंद हुए। महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, इंडसइंड बैंक, टाटा मोटर्स और एलएंडटी सेंसेक्स के टॉप 5 गेनर्स रहे। सबसे ज्यादा मुनाफा महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों को हुआ। इसके शेयर 4.09 फीसदी चढ़ गए। वहीं, दूसरी ओर सेंसेक्स के शेयरों में 17 शेयर लाल निशान पर बंद हुए। एचयूएल, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, रिलायंस और बजाज फाइनेंस सेंसेक्स के टॉप 5 लूजर्स साबित हुए। सबसे ज्यादा नुकसान एचयूएल के शेयरों को हुआ। इसके शेयर 1.56 फीसदी गिर गए। इसके अलावा टीसीएस, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, जेएसडब्ल्यू स्टील, आईटीसी, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, नेस्ले इंडिया, विप्रो, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई और एक्सिस बैंक के शेयरों में लगभग 0-1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।