महाबली सतपाल बोले ये विनेश का ही नहीं देश का भी नुकसान

नई दिल्ली । दिग्गज पहलवान और कोच महाबली सतपाल ने पेरिस ओलंपिक में महिला पहलवान विनेश फोगाट के वजन वर्ग में अधिक होने के कारण अयोग्य घोषित होने पर दुख जताया है। सतपाल ने कहा कि ये बहुत बुरी खबर है पर साथ ही कहा कि आखिर कैसे एक खिलाड़ी और कोच इतने लापरवाह हो सकते हैं कि मुकाबले से ठीक पहले वजन बढ़ा हुआ आए और उन्हें अंदाजा न हो। साथ ही कहा कि वजन लेने की प्रक्रिया सबके सामने होती है और यह खिलाड़ी और कोच की जिम्मेदारी है कि उप पर नियंत्रण बनाये रखें। उन्होंने बताया कि मुकाबले से पहले खिलाड़ियों का वजन लिया जाता है। इसके बाद वहां मौजूद अधिकारी खिलाड़ी को इसके लिए आधे घंटे का समय देते हैं। अगर खिलाड़ी का वजन तब भी ज्यादा निकलता है तभी उसे अयोग्य घोषित किया जाता है।  

सतपाल ने विनेश के साथ सहानुभूति जताते हुए कहा कि इस बार वह स्वर्ण पदक जीतने वाली थी पर वजन के कारण इस सब पर पानी फिर गया। सतपाल ने कहा कि यह ना केवल विनेश का बल्कि देश का भी नुकसान है क्योंकि एक स्वर्ण पदक उसके तालिका में ऊपर पहुंचा सकता था। 

ओलंपिक कुश्ती में मुकाबलों से पहले पहलवानों को अपना वजन कराना होता है पर अगर किसी वजन वर्ग के मुकाबले दो दिन में पूरे होते हैं तो दूसरे दिन भी मुकाबलों से पहले वजन किया जाता है। खासतौर से फाइनल में पहुंचने वाले पहलवानों का वजन दूसरे दिन भी लिया जाता है। हर पहलवान को पहले दिन वजन कराने के लिए 30 मिनट का समय दिया जाता है जबकि दूसरे दिन 15 मिनट का समय दिया जाता है। इस दौरान वो कई बार अपना वजन ठीक करा सकता है। 


Subscribe to our Newsletter