दक्षिण प्रशांत महासागर में समोआ के पास 6.6 तीव्रता का भूकंप आया, सुनामी की कोई चेतावनी नहीं
Jul 25, 2025
अपिया,। दक्षिण प्रशांत महासागर स्थित समोआ द्वीप के पास शुक्रवार को 6.6 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, यह भूकंप समोआ की राजधानी अपिया से करीब 440 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में दर्ज किया गया। भूकंप की गहराई 314 किलोमीटर मापी गई, जो इसे गहरे भूकंपों की श्रेणी में रखता है।
राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान या घायल होने की सूचना नहीं मिली है। समोआ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ज्यादातर लोगों ने झटके महसूस नहीं किए और न ही किसी तरह की क्षति की जानकारी अभी तक मिली है।
सुनामी का कोई खतरा नहीं
यूएस सुनामी चेतावनी प्रणाली ने भूकंप के बाद किसी भी प्रकार की सुनामी चेतावनी जारी नहीं की है। विशेषज्ञों का मानना है कि गहराई अधिक होने के कारण इसकी सतही प्रभाव क्षमता कम रही, जिससे बड़ा नुकसान नहीं हुआ। समोआ ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है, जो भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियों के लिए जाना जाता है। वर्ष 2009 में इसी क्षेत्र में आए शक्तिशाली भूकंप और सुनामी से समोआ, अमेरिकी समोआ और टोंगा में 192 लोगों की जान चली गई थी। हालांकि इस बार राहत की बात यह है कि भूकंप के बावजूद स्थिति नियंत्रण में है और किसी आपदा की आशंका नहीं जताई गई है।