मध्यप्रदेश की पहली तेजस ट्रेन मुंबई- इन्दौर के बीच आज से, फ्री वाई फाई, एलईडी स्क्रीन और भी बहुत कुछ मिलेगा
Jul 22, 2025
इन्दौर देश में आईआरसीटीसी द्वारा संचालित सुपर फास्ट तेजस्वी ट्रेनों की श्रृंखला में मध्यप्रदेश की पहली तेजस सुपरफास्ट ट्रेन 23 जुलाई को मुंबई से इन्दौर के लिए तथा 24 जुलाई को इन्दौर से मुम्बई के लिए रवाना होगी। फिलहाल यह ट्रेन सप्ताह में 3 दिन चलेगी यात्रियों की संख्या और दबाव को देखते इसके फेरे बढ़ाए जा सकते हैं। आईआरसीटीसी के अनुसार यह ट्रेन दोनों तरफ से बोरिवली, वापी, सूरत, वडोदरा, दाहोद, रतलाम और उज्जैन ठहरेंगी।
समय सारणी और गाड़ी नंबर के बारे में आईआरसीटीसी के अनुसार मुंबई सेंट्रल से इंदौर के लिए गाड़ी नंबर: 09085 रहेगा तथा सोमवार, बुधवार, शुक्रवार को मुंबई सेंट्रल से रात 11.20 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1 बजे इन्दौर पहुंचेगी वहीं इंदौर से मुंबई सेंट्रल के लिए गाड़ी नंबर: 09086 रहेगा जो कि मंगलवार, गुरुवार, शनिवार को शाम 5.00 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7.10 बजे मुम्बई सेंट्रल पहुंचेगी। आईआरसीटीसी के अनुसार इस ट्रेन का किराया तीन कैटेगरी में है। पहली कैटेगरी एसी 3 टीयर है। जिसका किराया 1,805 रुपए है। इसमें 1 हजार 634 रुपए बेस फेयर, 40 रुपए रिजर्वेशन चार्ज, 45 रुपए सुपर फास्ट चार्ज और 86 रुपए जीएसटी शामिल है। दूसरी कैटेगरी एसी टू टीयर का किराया 2 हजार 430 रुपए है। इसमें 2,219 रुपए बेस फेयर, 50 रुपए रिजर्वेशन चार्ज, 45 रुपए सुपर फास्ट चार्ज और 116 रुपए जीएसटी शामिल है। तीसरी कैटेगरी एसी फर्स्ट क्लास है। जिसका किराया 3,800 रुपए है। इसमें 3 हजार 484 रुपए बेस फेयर, 60 रुपए रिजर्वेशन चार्ज, 75 रुपए सुपर फास्ट चार्ज और 181 रुपए जीएसटी शामिल है।
ज्ञात हो कि तेजस ट्रेन, भारतीय रेलवे की एक अर्ध-उच्च गति वाली पूरी तरह से वातानुकूलित ट्रेन है। यह देश की पहली निजी और कॉर्पोरेट ट्रेन है, जिसका संचालन आईआरसीटीसी करती है। यह आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें स्वचालित दरवाजे, आरामदायक सीटें, एलसीडी स्क्रीन, वाई-फाई और बायो-वैक्यूम शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।