
मध्यप्रदेश कांग्रेस ने 40 दिनी कैम्पेन कैलेंडर बनाया, ग्वालियर से संविधान बचाओ रैली से होगी शुरुआत
Apr 25, 2025
भोपाल,। चुनावों में लगातार मिल रही हार के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस ने अपने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में पार्टी ने 40 दिन का एक विशेष कैम्पेन कैलेंडर तैयार किया है, जिसकी शुरुआत 28 अप्रैल को ग्वालियर में संविधान बचाओ रैली से होगी। इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और जयराम रमेश जैसे राष्ट्रीय नेता शामिल हो सकते हैं।
यहां बताते चलें कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा 9 अप्रैल को अहमदाबाद अधिवेशन के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस को कैडर ट्रेनिंग के लिए गाइडलाइन भेजी थी। इसके तहत जिलाध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण सत्र वर्चुअल या व्यक्तिगत रूप से आयोजित किए जा सकते हैं, जिस पर जल्द निर्णय लिया जाएगा।
संविधान बचाओ अभियान पर जोर
मप्र कांग्रेस का यह अभियान संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने पर केंद्रित रहेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि उपराष्ट्रपति द्वारा सुप्रीम कोर्ट को चुनौती देने की घटना ने संविधान को लेकर देशभर में चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने भाजपा पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इसे किसी भी हाल में सफल नहीं होने देगी।
राष्ट्रीय स्तर पर पदयात्रा की तैयारी
कांग्रेस ने एक साल तक चलने वाली संविधान बचाओ राष्ट्रीय पदयात्रा की भी योजना बनाई है। इसके लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर बैठकों का आयोजन कर तैयारियां शुरू करने और क्रियान्वयन समितियां गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आगामी कार्यक्रमों में सक्रियता बढ़ेगी
पार्टी का फोकस मई के महीने में लगातार कार्यक्रम आयोजित कर कैडर को सक्रिय करने और जनता के बीच मजबूत संदेश देने पर रहेगा। एमपी कांग्रेस का मानना है कि संगठन को मजबूत कर ही आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है।