भगवान राम केवल हिंदुओं के नहीं : भाजपा सांसद
Feb 10, 2024
-राम लला प्राण प्रतिष्ठा पर लोकसभा में चर्चा जारी
नई दिल्ली,। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और राम लला प्राण प्रतिष्ठा पर लोकसभा में आज बजट सत्र के आखिरी दिन चर्चा शुरू हुई है। गौरतलब है कि मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का यह आखिरी बजट सत्र का आखिरी दिन है और इस दिन लोकसभा में राम लला की प्राणप्रतिष्ठा पर सदन में विशेष चर्चा हो रही है। भाजपा सांसद डॉ सत्यपाल सिंह ने चर्चा का प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि भगवान राम केवल हिंदुओं के नहीं है, भगवान राम तो सबके हैं।
लोकसभा में आज शनिवार को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और राम लला प्राण प्रतिष्ठा पर नियम 193 के तहत विशेष चर्चा हो रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इसकी जानकारी देते हुए सदन में कहा, आज महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा हो रही है, ऐतिहासिक महत्व के विषय पर चर्चा हो रही है। वहीं सदन में भाजपा सांसद डॉ सत्यपाल सिंह ने चर्चा का प्रस्ताव पेश करते हुए कहा, कि भगवान राम केवल हिंदुओं के नहीं हैं, भगवान राम सबके हैं। उन्होंने आगे कहा कि भगवान राम तो हम सबके ही पूर्वज हैं और हम सबके लिए प्रेरणा भी हैं। सांसद डॉ सत्यपाल ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण और 22 जनवरी को राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के ऐतिहासिक कार्य के बारे में इस महान सदन में प्रस्ताव रखना उनका अहोभाग्य है। सदन में जारी चर्चा में अनेक सांसद हिस्सा ले रहे हैं।