लिवरपूल ने प्रेस्टन को 3-1 से हराया , डिओगो की याद में काली पट्टी बांधकर उतरे खिलाड़ी
Jul 14, 2025
लंदन । लिवरपूल ने प्रेस्टन नॉर्थ एंड को 3-1 से हराकर 2025-26 प्री फुटबॉल सीजन की अच्छी शुरुआत की है। इस मैच से पहले लिवरपूल ने अपने दिवंगत खिलाड़ी डिओगो जोटा को श्रद्धांजलि दी। डिओगो और उनके भाई आंद्रे सिल्वा की पिछले सप्ताह स्पेन में एक कार हादसे में मौत हो गई थी। मैच शुरू होने से पहले प्रेस्टन और लिवरपूल के खिलाड़ियों ने डिओगो और उनके भाई आंद्रे की याद में एक मिनट का मौन रखा और जोटा के लिए पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बांह पर काली पट्टी बांध रखी थी। 20वें मिनट में, जब दोनों भाइयों की तस्वीर दिखाई गई, तो पूरा स्टेडियम भावुक हो गया।
डिओगो और आंद्रे को दी जाने वाली श्रद्धांजलि यहीं नहीं रुकी। लिवरपूल के डार्विन नुनेज ने दूसरे हाफ में गोल करने के बाद जोटा के अंदाज में ही जश्न मनाया। वहीं कोडी गाकपो ने जोटा की शर्ट नंबर 20 का इशारा करते हुए अपने गोल का जश्न मनाया, जिससे प्रशंसक भी उत्साहित हो गये। कॉनर ब्रैडली ने पहले हाफ के अंत में गाले किया। ब्रेक केबाद नुनेज ने एक गोल कर अपनी टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। वहीं गैकपो ने अंतिम मिनटों में एक गोल किया। वहीं प्रेस्टन की ओर से एकमात्र गोल लियाम लिंडसे ने किया।