चौथी तिमाही में एलआईसी का मुनाफा 13,763 करोड़ पहुंचा
May 28, 2024
कंपनी 3662 करोड़ रुपए का सरकार को देगी उपहार
नई दिल्ली,। इंश्योरेंस कंपनी एलआईसी ने हाल ही में अपने तिमाही आंकड़े पेश किए हैं। चौथी तिमाही में एलआईसी का मुनाफा दो फीसदी बढ़कर 13,763 करोड़ पहुंच गया है। कंपनी को 2023 की समान तिमाही में 13,428 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था। शुद्ध मुनाफा बढ़ने से कंपनी ने 6 रुपए प्रति शेयर डिविडेंड देने का ऐलान भी किया है। एलआईसी में सरकार की करीब 96.5 फीसदी हिस्सेदारी है। अब कंपनी 3662 करोड़ रुपए का सरकार को भी उपहार देगी। एलआईसी से पहले रिजर्व बैंक ने भी 2.11 लाख करोड़ का डिविडेंड सरकार को देने की घोषणा की थी।
एलआईसी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि चौथी तिमाही में कंपनी की कुल आय 2,50,923 करोड़ रुपए हुई है। 2023 की सामान तिमाही में यह 2,00,185 करोड़ रही थी। जनवरी-मार्च तिमाही में एलआईसी का एनुअल प्रीमियम भी 10.7 फीसदी बढ़कर 21,180 करोड़ रुपए हो गया था, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 19,137 करोड़ था। हालांकि, एलआईसी के न्यू बिजनेस में 1.6 फीसदी की गिरावट आई है। यह पिछले वित्त वर्ष के 3,704 करोड़ रुपए के मुकाबले वित्त 2024 की चौथी तिमाही में 3,645 करोड़ रहा।
जनवरी-मार्च तिमाही में एलआईसी का पहले साल प्रीमियम भी बढ़ा है। यह आंकड़ा 13,810 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। 2024 की सामान तिमाही में पहले साल का प्रीमियम 12,811 करोड़ रुपए था। रिन्यूअल प्रीमियम भी बढ़कर 77,368 करोड़ हो गया, जो कि 2023 की समान अवधि में 76,009 करोड़ रुपए था।