लारा ने मुल्डर से बात कर कहा,उन्हें मेरा रिकार्ड तोड़ना चाहिये था
Jul 11, 2025
बुलावायो । वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा ने दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के कप्तान वियान मुल्डर से मुलाकात कर कहा है कि उन्हें मेरा 400 रनों का रिकार्ड तोड़ना था। इससे पहले वियान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में जब वह 367 रन बनाकर खेल रहे थे तभी पारी घोषित कर दी थी। जब उनसे पूछा गया कि पारी क्यों घोषित की गयी थी। तब इस क्रिेकेटर ने कहा था कि वह महान बल्लेबाज ब्रायन लारा का 400 रनों का रिकार्ड नहीं तोड़ना चाहते थे। उनका मानना था कि ये रिकॉर्ड इस महान क्रिकेटर के नाम पर ही रहना चाहिये। वहीं अब लारा ने मुल्डर से बात की है और कहा कि उन्हें उनका रिकॉर्ड तोड़ना चाहिए था। मुल्डर और लारा की यह बातचीत बुलावायो टेस्ट में मेजबान जिम्बाब्वे के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका की जीत के बाद हुई। इस मैच में मुल्डर ने टेस्ट इतिहास की पांचवीं सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड बनाया।
मुल्डर ने कहा, ‘मैंने लारा से थोड़ी बहुत बात की। उन्होंने मुझसे कहा कि मैं अपनी खुद की विरासत गढ़ रहा हूं और मुझे उसके लिए जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड्स टूटने के लिए ही होते हैं और उन्होंने मुझे शुभकामनाएं दी कि भविष्य में मैं कभी भी उस स्थिति में रहूं तो मैं उससे भी ज्यादा रन बनाऊं, जितने उन्होंने बनाए थे।’ इससे पहले वियान के पारी घोषित करने के फैसले की वेस्टइंडीज के ही आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गेल ने आलोचना की थी। उन्होंने कहा कि ऐसे मौके कभी-कभार आते हैं और अगर मुल्डर की तरह उन्हें कभी ऐसा मौका मिला होता तो वह लारा का रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश जरूर करते। लारा से बातचीत के बाद भी मुल्डर घोषित करने के अपने फैसले को सही मानते हैं। उन्होंने कहा, यह सुपर स्पेशल था और कुछ ऐसा था जिसके बारे में मैंने सपने में भी नहीं सोचा होगा।