लद्दाख में भारतीय सेना के इंजीनियरों ने चंद घंटों में सिंधु नदी पर बना दिया पुल
Sep 13, 2022
भारतीय सेना ने एक बार फिर अपनी योग्यता का लोहा मनवाया है। भारतीय सेना के जवानों ने लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में सिंधु नदी पर अपनी इंजीनियरिंग का कमाल दिखाते हुए एक पुल बनाया है। भारतीय सेना के साउथ वेस्टर्न कमांड के ट्विटर हैंडल पर इसका एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें भारतीय सेना के काबिल इंजीनियर पुल बनाते दिखाई दे रहे हैं।
इस वीडियो का टाइटल है- ब्रिजिंग चैलेंज-नो टेरेन और न ही एल्टीट्यूड इंसुरमटेबल। यानी चुनौतियों को पाटना, न कोई भूभाग और न ही दुर्गम ऊंचाई। यह कारनामा पूर्वी लद्दाख में सप्त शक्ति इंजीनियर्स ने कर दिखाया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सेना के जवान सिंधु नदी में लोहे के भारी हिस्से डाल रहे हैं। चंद घंटों में नदी पर एक पुल नजर आता है। पुल बनने के बाद भारी ट्रक उससे गुजरता दिखाई दे रहा है। सिंधु नदी पर बनाया गया यह पुल पानी में अपने आप खुलता जाता है। बाद में एक-एक करके सभी हिस्से जुड़ जाते हैं और देखते ही देखते पलभर में पुल तैयार हो जाता है।
लद्दाख सेक्टर में भारतीय सेना द्वारा सिंधु नदी में बनाये गये पुल से भारतीय सेना के जवानों का काफी फायदा होगा। जरूरत पड़ने पर नदी के दूसरी तरफ कहीं भी रसद की आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा सकेगी।