क्रिजैक आईपीओ ने निवेशकों को किया खुश, पहले दिन 14 से 15 फीसदी का फायदा

Jul 09, 2025

नई दिल्ली,। क्रिजैक आईपीओ के शेयरों की दलाल स्ट्रीट पर धमाकेदार एंट्री हुई है। कंपनी के शेयर बुधवार को सूचीबद्ध हुए। नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) क्रिजैक आईपीओ के शेयर 281 रुपए प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हुए। यह इसके इश्यू प्राइस के अपर एंड 245 रुपए की तुलना में 36 रुपए या 15 फीसदी ज्यादा है। बीएसई (बीएसई) पर कंपनी का शेयर 280 रुपए प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हुए। यह पब्लिक इश्यू के प्राइस बैंड के मुकाबले 35 रुपए या 14 फीसदी ज्यादा हैं। इस तरह निवेशकों को लिस्टिंग के पहले दिन ही करीब 14 से 15 फीसदी का फायदा मिला।

बता दें क्रिजैक आईपीओ के लिए बिडिंग शुक्रवार यानी 4 जुलाई को खत्म हुई थी। पब्लिक इश्यू को आवेदन करने के तीसरे और अंतिम दिन सभी कैटेगरी में निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला। एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक निवेशकों ने 1,54,53,03,240 शेयरों के लिए आवेदन किया। जबकि पेशकश किए गए शेयरों की संख्या केवल 2,45,71,427 थी। इस तरह क्रिजैक आईपीओ को कुल 59.82 गुना सब्सक्राइब किया गया। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 134.35 गुना सब्सक्राइब हुआ। जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स का हिस्सा 76.15 गुना भरा गया। वहीं, रिटेल निवेशकों के लिए तय कोटा 10.24 गुना सब्सक्राइब हुआ।

क्रिजैक आईपीओ का प्राइस बैंड 233 से 245 रुपए प्रति शेयर तय किया था। एक लॉट में 61 शेयर थे यानी रिटेल इनवेस्टर्स को कम से कम एक लॉट यानी 61 शेयर के लिए बोली लगानी होगी। अपर प्राइस 245 रुपए के हिसाब से एक लॉट के लिए 14,945 का खर्च आएगा। रिटेल इनवेस्टर एक साथ अधिकतम 13 लॉट यानी 793 शेयरों के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिसका कुल भुगतान 1,94,285 बनता है। यह आईपीओ पूरी तरह से ओएफएस है यानी इसमें शेयर बेचने वाले मौजूदा निवेशकों को पैसा मिलेगा। कंपनी को इस इश्यू से कोई फंड नहीं मिलेगा।


Subscribe to our Newsletter