कनाडा में खालिस्तानियों का प्रदर्शन

टोरंटो। ऑपरेशन ब्लूस्टार की बरसी पर गुरुवार को खालिस्तानी तत्वों ने वैंकुवर में स्थित भारतीय कौंसुलेट के बाहर प्रदर्शन किया। कुल मिलाकर कनाडा में खालिस्तानियों की हरकत लगातार भारत की चिंताएं बढ़ा रही है। अलगाववादियों की हिम्मत और कनाडा में उन्हें मिल रहे बढ़ावे का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि वे भारतीय कौंसुलेट के बाहर जमा हुए। भारत विरोधी नारे लगाए। 

वैंकुवर के अलावा टोरंटो में भी ऐसा ही प्रदर्शन हुआ। इसमें वहां जुटे लोगों के हाथों में खालिस्तानी झंडे थे और नारेबाजी कर रहे थे। भारत के एक वरिष्ठ राजनयिक ने कहा कि हम इस मामले में शिकायत करेंगे। बता दें कि 40 साल पहले भारतीय सेना ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में छिपे खालिस्तानियों के खिलाफ ऑपरेशन ब्लू स्टार चलाया था। स्वर्ण मंदिर में छिपे आतंकियों में जरनैल सिंह भिंडरावाले भी था। 

खालिस्तानी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस के आह्वान पर ये प्रदर्शन हुए। इसका मुखिया गुरपतवंत सिंह पन्नू तो भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमले की धमकी दे चुका है। बीते साल खालिस्तानी हरदीप सिंह निज्जर की कनाडा में हत्या हो गई थी। इसके बाद से कनाडा और भारत के रिश्ते बिगड़े हुए हैं। इस हत्या में कनाडा ने भारतीय एजेंट्स का हाथ बताया था। इस पर भारत ने ऐतराज जताया था और कहा था कि यदि आपके पास सबूत हैं तो दें। अब तक कनाडा इस मामले में कोई सबूत नहीं पेश कर सका है, लेकिन उसने 4 लोगों को गिरफ्तार जरूर किया है।


Subscribe to our Newsletter