बच्चों की खातिर रोज फ्लाइट से ऑफिस जाती हैं कौर, पैसे की भी कर रही बचत
Feb 12, 2025
क्वालालंपुर,। मलेशिया में भारतीय मूल की महिला बच्चों के खातिर रोज हवाई जहाज से ऑफिस जाती है। हफ्ते में 5 दिन वह ऐसा करती है। इतना खर्च करने के बाद भी वह महिला अपनी सैलरी से पैसे बचा लेती है। एयर एशिया के फाइनेंस ऑपरेशन्स डिपार्टमेंट में काम करने वाली रचैल कौर सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। वह कहती हैं कि बच्चों को समय देने के लिए वह हफ्ते में 5 दिन हवाई यात्रा करती हैं। वह दावा करती हैं कि ये ना सिर्फ सस्ता है बल्कि ऐसे करके वह अपने बच्चों को भी समय दे रही हैं।
रचैल कौर ने एक साक्षात्कार में कहा कि मेरे दो बच्चे हैं। बड़े बेटे की उम्र 12 साल और बेटी 11 साल की है। मुझे लगता है कि बच्चों की जब उम्र बढ़ती है तो उन्हें मां की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। मैंने जो व्यवस्था की है उससे मैं रोज घर जा पा रही हूं और बच्चों को समय दे रही हूं। कौर इससे पहले क्वालालंपुर में किराए के मकान में रहती थीं। जो उनके ऑफिस के पास था। वह पेनांग स्थित अपने घर में हफ्ते में एक ही दिन जा पाती थीं। यहीं पर उनके बच्चे रहते हैं।
2024 की शुरुआत में उन्होंने फ्लाइट लेने का फैसला किया। कौर ने कहा कि वह सुबह 4 बजे उठती हैं और 5 बजे तक एयरपोर्ट पहुंचती हैं 8 बजे ऑफिस पहुंचती हैं। दिनभर ऑफिस में काम करने के बाद वह रात 8 बजे घर पहुंच जाती हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसा करके वह पैसे भी बचा रही हैं। कौर दावा करती हैं कि वह हर महीने 42 हजार खर्च करती थीं, जो अब 28 हजार रुपए महीने हो गया है यानि कि अब वह 14 हजार रुपए बचा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा करके वह काम पर 100 फीसदी फोकस कर रही हैं, साथ ही बच्चों को भी समय दे रही हैं। कौर ने बताया कि जब वो इसके बारे में लोगों को बताती हैं तो लोग हैरान हो जाते हैं। उन्होंने कहा दिनभर थकने के बाद जब वह घर पहुंचती हैं तो बच्चों को देखकर सारी थकान मिट जाती है।