सर्वाधिक रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया करुण नायर ने

विजयनगरम। विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप डी मुकाबले में करुण नायर ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ खेलते हुए लिस्ट ए क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया।

 विदर्भ के बल्लेबाज करुण नायर ने न्यूजीलैंड के जेम्स फ्रैंकलिन के 2010 में बनाए गए 527 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए 542 रनों का आंकड़ा छू लिया। इस ऐतिहासिक पारी के दौरान करुण ने 112 रन बनाए और लगातार तीन शतक जड़कर अपनी जबरदस्त फॉर्म का प्रदर्शन किया। विदर्भ ने उत्तर प्रदेश के 307 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार खेल दिखाया। करुण और यश राठौड़ की 228 रनों की साझेदारी टीम की जीत की नींव बनी। यश राठौड़ ने नाबाद 138 रन बनाए, जिससे विदर्भ ने केवल 47.2 ओवर में दो विकेट खोकर 313 रन बनाकर आठ विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ विदर्भ ने ग्रुप डी में पांच मैचों में 20 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल कर लिया, जबकि तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश 14-14 अंकों के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

 करुण नायर की इस उपलब्धि ने उन्हें लिस्ट ए क्रिकेट के इतिहास में खास जगह दिलाई है। इससे पहले इस सूची में जोशुआ वैन हीर्डन (512), फखर जमां (455), और तौफीक उमर (422) जैसे बड़े नाम शामिल थे। अपनी इस सफलता पर करुण ने कहा, यह मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा पल है। मैं टीम की जीत में योगदान देकर बेहद खुश हूं।


Subscribe to our Newsletter