कांगड़ा के धर्मशाला में 35मिमी बारिश दर्जख, सड़क दुर्घटना में 3 की मौत
Sep 22, 2023
मानसून सीजन में 458 की मृत्यु, 352 घायल
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की विदाई से पहले कम बारिश हो रही है। प्रदेश के कुछ इलाकों में जहां बारिश हुई है तो अन्य इलाकों में मौसम साफ रहा है। शुक्रवार को प्रदेशभर में धूप खिली खिली जबकि शिमला में हल्के बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन के लिए कुछ इलाकों बारिश का अनुमान लगाया है। हालांकि, इस दौरान मौसम साफ रहने की संभावना है। किसी भी तरह का कोई अलर्ट नहीं है। मौसम विज्ञान के शिमला केंद्र के अनुसार, बीते 12 घंटे में कांगड़ा के धर्मशाला में 35, मंडी के गोहर में 26 और जोगिंद्रनगर में 9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई ।
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर मंडी जिला के 6 मील के पास गुरुवार देर शाम को एक बार फिर पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण दो लोग घायल हो गए। मंडी की बल्हघाटी के भ्यारटा गांव निवासी चिंत राम और उनकी पत्नी माया देवी नगवाईं से घर लौट रहे थे। जैसे यह 6 मील के पास पहुंचे तो पहाड़ी से कुछ पत्थर इन पर आ गिरे और दंपति घायल हो गये। माया देवी को टांगों, बाजू और मुंह पर जबकि चिंत राम को पैरों पर चोट लगी है। वहीं, बीती रात को 11 बजे से सुबह पांच बजे चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे को दुरुस्त करने के लिए बंद रखा गया था।
उधऱ, गुरुवार को चंबा जिले के रेनपानी पर हुए सड़क हादसे में थल्ली निवासी दो लोगों की मौत हो गई। चम्बा के राख-धनाडा लिंक मार्ग पर पिकअप हादसे का शिकार हो गई। फिलहाल, हादसे के कारणों की जांच में पुलिस जुटी हुई है। इसी तरह चंबा के हरसल मार्ग पर जलधार मन्दिर के पास खाई में गिरने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह युवक मणिमहेश यात्रा पर गया था। इलाज के लिए भरमौर हॉस्पिटल लाते समय रास्ते में इसने दम तोड़ दिया।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में 24 जून को मॉनसून की एंट्री हुई थी। तब से लेकर अब तक प्रदेश में बारिश से 8,666 करोड़ रुपये की संपत्ति तबाह हो चुकी है। मानसून सीजन में 458 लोगों की जान चली गई है, जबकि 352 घायल और 39 व्यक्ति लापता चल रहे हैं। इनमें सड़क हादसे भी शामिल हैं। फिलहाल, सितंबर के अंत कर प्रदेश से मॉनसून विदा होने का अनुमान है।