ट्रंप पर हमलावर हुई कमला हैरिस बोलीं- मुझे कमजोर मत समझिए मैं चुनाव जीतूंगी

वाशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस को चुनाव जीतने का पूरा भरोसा है। डेमोक्रेटिक पार्टी की कमला ने कहा कि उन्हें व्हाइट हाउस की दौड़ में भले ही ‘कमजोर’ (अंडरडॉग) समझा जा रहा है, लेकिन वह जमीनी स्तर पर अपने जन-केंद्रित प्रचार अभियान के बल पर नवंबर में होने वाला चुनाव जरूर जीतेंगी। राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा के बाद निधि एकत्रित करने संबंधी पहले अभियान में हैरिस ने समर्थकों से कहा कि इस साल का चुनाव देश के लिए दो दृष्टिकोण के बीच का चुनाव है-एक, जो भविष्य की ओर देखता है

और दूसरा, जो देश की प्रगति को नष्ट करना चाहता है। हमें भले ही इस दौड़ में कमजोर समझा जा रहा है, लेकिन यह जमीनी स्तर पर एक जन-केंद्रित प्रचार अभियान है।’ उन्होंने शनिवार को इस कार्यक्रम में 14 लाख डॉलर की धनराशि जुटाई। दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच हैरिस (59) ने कहा कि उनके प्रचार अभियान ने ‘‘डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से नामांकन हासिल करने के लिए पर्याप्त ‘डेलीगेट’ का समर्थन जुटा लिया है।’’ उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के अपने प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते हुए पूछा, ‘हम कैसे देश में रहना चाहते हैं? क्या हम स्वतंत्रता, करुणा और कानून के शासन वाले देश में रहना चाहते हैं या हम अराजकता, भय और नफरत वाले देश में रहना चाहते हैं?’ हैरिस ने उम्मीद जताई कि पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप (78) उनके साथ बहस करने पर राजी होंगे। 


Subscribe to our Newsletter