भारत में इस्पात संयंत्र स्थापित करेंगे जेएसडब्ल्यू स्टील और पॉस्को
Aug 18, 2025
- 60 लाख टन प्रति वर्ष (6 एमटीपीए) की क्षमता प्रस्तावित
नई दिल्ली । भारतीय इस्पात कंपनी जेएसडब्ल्यू स्टील और दक्षिण कोरिया की अग्रणी इस्पात निर्माता कंपनी पॉस्को ने भारत में 60 लाख टन प्रति वर्ष (6 एमटीपीए) क्षमता वाला एकीकृत इस्पात संयंत्र स्थापित करने की संभावनाओं का अध्ययन करने के लिए एक गैर-बाध्यकारी समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता पिछले वर्ष अक्टूबर में किए गए समझौते की अगली कड़ी है। दोनों कंपनियां अब संयंत्र के स्थान चयन, निवेश शर्तें, संसाधन उपलब्धता और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार करेंगी। संभावित स्थान के रूप में ओडिशा को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां प्राकृतिक संसाधनों और संभार-तंत्र की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इस साझेदारी का उद्देश्य भारत में एक वैश्विक स्तर का प्रतिस्पर्धी विनिर्माण केंद्र स्थापित करना है, जो घरेलू और निर्यात दोनों बाजारों की मांग को पूरा करेगा। प्रस्तावित संयंत्र 50:50 संयुक्त उद्यम के रूप में स्थापित किया जाएगा। मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में समझौते पर हस्ताक्षर किए गए, जिसमें पॉस्को होल्डिंग्स के अध्यक्ष ली जू-ताई और जेएसडब्ल्यू स्टील के सीईओ जयंत आचार्य उपस्थित थे। जयंत आचार्य ने इसे जेएसडब्ल्यू की निष्पादन क्षमता और पॉस्को की तकनीकी विशेषज्ञता का संयोजन बताया। वहीं ली जू-ताई ने भारत को वैश्विक इस्पात मांग का भविष्य बताया और इस साझेदारी को दीर्घकालिक मूल्य सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम करार दिया।