जेके पेपर मणिपाल यूटिलिटी का 90 करोड़ में करेगी अधिग्रहण
Oct 17, 2023
नई दिल्ली । जेके पेपर लिमिटेड 90 करोड़ रुपये में मणिपाल यूटिलिटी पैकेजिंग सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड का अधिग्रहण करने की योजना बना रही है। जेके पेपर ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उसने मणिपाल यूटिलिटी पैकेजिंग सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (एमयूपीएसपीएल) के 100 प्रतिशत शेयरों को खरीदने के लिए एक शेयर खरीद समझौता (एसपीए) किया है। इस समझौते के तहत जेके पेपर एमयूपीएसपीएल की 100 प्रतिशत पूंजी का प्रतिनिधित्व करने वाले 4.07 करोड़ इक्विटी शेयरों का अधिग्रहण करेगी। सौदे में 10 रुपये अंकित वाले प्रत्येक शेयर के लिए 21.80 रुपये चुकाए जाएंगे। जेके पेपर के वाइस चेयरमैन और प्रबंध निदेशक हर्ष पति सिंघानिया ने कहा कि यह अधिग्रहण पैकेजिंग कारोबार में कंपनी के दीर्घकालिक रणनीतिक उद्देश्य के अनुरूप है। कंपनी ने बताया कि अधिग्रहण छह सप्ताह के भीतर पूरा होने की उम्मीद है।