डीपफेक बनाने वाले बाप-बेटे से इटली की पीएम ने मांगा 91 लाख का हर्जाना
Mar 22, 2024
रोम। इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने डीपफेक बनाने वाले बाप बेटे पर 91 लाख का हर्जाना वसूलने के लिए दावा ठोका है। जिस वीडियो को लेकर यह दावा ठोका गया है वो वीडियो जियोर्जिया मेलोनी के प्रधानमंत्री बनने से पहले बनाया गया था। वीडियो की जांच कर रहे अधिकारियों का कहना है कि इस काम में बाप बेटे दोनो लगे हुए थे। जांचकर्ताओं ने एक 40 वर्षीय व्यक्ति और उसके 73 वर्षीय पिता की पहचान की है, जो कथित तौर पर अश्लील कंटेंट पर मेलोनी का चेहरा लगाने और छेड़छाड़ किए गए वीडियो को इंटरनेट पर अपलोड करने का काम किया करते थे। मिलोनी ने इन दोनों पर मानहानि का आरोप लगाया है। पुलिस उस स्मार्टफोन को ट्रैक करके आरोपी तक पहुंचने में सक्षम हो सकी, जिससे मिलोनी का डीपफेक वीडियो अपलोड किया गया था।
इटली की प्रधानमंत्री की कानूनी टीम ने 1 लाख यूरो हर्जाने के रूप में मांगा है जिसकी भारत में कीमत करीब 91 लाख रुपये है। इस रकम का इस्तेमाल लिंग आधारित हिंसा की शिकार महिलाओं की सहायता करने के लिए किया जाएगा। मेलोनी की वकील मारिया गिउलिया मारोंगियू ने कहा, मुआवजे की मांग उन महिलाओं को संदेश देगी जो सत्ता के इस तरह के दुरुपयोग की शिकार हैं और आरोप लगाने से डरतीं हैं।इतालवी कानून के तहत, मानहानि के कुछ मामलों को आपराधिक अपराधों के रूप में वर्गीकृत किया जा सकता है। जिसके परिणामस्वरूप आरोपियों को जेल की सजा हो सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मेलोनी को 2 जुलाई को अदालत के सामने गवाही देनी है। अभियोग में आरोप लगाया गया है कि छेड़छाड़ किए गए वीडियो को संयुक्त राज्य अमेरिका स्थित एक अश्लील वेबसाइट पर अपलोड किया गया था, जिसे कई महीनों में लाखों बार देखा गया।