
सैन फ्रांसिस्को में कार को अंडरवियर से साफ करना गैरकानूनी
Jan 13, 2025
सैन फ्रांसिस्को । अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया के मशहूर शहर सैन फ्रांसिस्को में एक विचित्र कानून लागू है। सैन फ्रांसिस्को में कार को अंडरवियर से साफ करना गैरकानूनी है। इस नियम का उल्लंघन करने पर जुर्माने का प्रावधान है।
यह कानून सैन फ्रांसिस्को के कानून की धारा 694 के तहत आता है। इस धारा के अनुसार, किसी भी व्यक्ति, फर्म या निगम के लिए गंदे कपड़े, चिथड़े, बिस्तर, चादर, या उनके भागों को पोंछने के लिए बेचना या उपयोग करना अवैध है, जब तक कि उन्हें कम से कम पांच प्रतिशत कास्टिक सोडा वाले घोल में 40 मिनट तक उबालकर साफ न किया गया हो। सैन फ्रांसिस्को केवल अंडरवियर से कार साफ करने पर प्रतिबंध लगाने के लिए ही नहीं, बल्कि कई अन्य विचित्र नियमों के लिए भी जाना जाता है। उदाहरण के तौर पर, 13 वर्ष से अधिक आयु के एक से अधिक व्यक्तियों का एक ही समय में सार्वजनिक शौचालय में रहना अवैध है, जब तक कि वे किसी विकलांग व्यक्ति के साथ न हों। इसके अलावा, सड़क पर कबूतरों को खाना खिलाना प्रतिबंधित है, और शहर भर में इस संबंध में चेतावनियां लगी होती हैं। एक अन्य अजीब कानून के तहत, सैन फ्रांसिस्को में एक बार में नौ या उससे अधिक कुत्तों को टहलाने की अनुमति नहीं है। इसी तरह, कुत्तों का कार की खिड़की से सिर बाहर निकालना भी कानून के खिलाफ है। खुले में ब्रेड, केक या पेस्ट्री ले जाना अवैध है, और नाबालिगों को लेजर पॉइंटर बेचना भी प्रतिबंधित है।
इतना ही नहीं, मृतक की लिखित सहमति के बिना व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए शवों को प्रदर्शित करना भी गैरकानूनी है। सैन फ्रांसिस्को, जो कैलिफोर्निया का एक प्रमुख सांस्कृतिक और वाणिज्यिक केंद्र है, अजीब कानूनों के लिए चर्चा में रहता है। साल 2021 की जनगणना के अनुसार, यहां की आबादी 8,15,201 थी। यह शहर अपने अद्वितीय नियमों और कानूनों के कारण दुनियाभर में चर्चित है। बता दें कि दुनियाभर में अलग-अलग देशों और शहरों में कई प्रकार के कानून बनाए गए हैं, जिनका उद्देश्य समाज में व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। लेकिन कुछ कानून इतने अजीबोगरीब होते हैं कि उनके पीछे के तर्क को समझना मुश्किल हो जाता है।