श्रेयस और यशस्वी को बेहतर प्रदर्शन के बाद भी बाहर करना दुखद : अश्विन

चेन्नई । पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने एशिया कप के लिए बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को शामिल नहीं किये जाने पर नाराजगी जतायी है। अश्विन ने कहा कि श्रेयस को शामिल नहीं किया जाना दुखद है। इससे प्रशंसक भी निराश हैं। अश्विन ने सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को भी बाहर रखे जाने पर भी सवाल उठाया है और कहा है कि उन्हें बेहतर प्रदर्शन के बाद भी जगह नहीं मिलना समझ से परे है। 

अश्विन ने कहा, ‘चयन ऐसा काम है जिसमें कोई तो बाहर रहेगा ही। जब आप उनसे बात करते हैं तो उनके चेहरों की निराशा और दुख को महसूस कर सकते हैं। उम्मीद है कि किसी ने श्रेयस और जायसवाल से बात की होगी।’ अश्विन ने कहा, ‘जब आपके पास तीसरे सलामी बल्लेबाज के रूप में यशस्वी है तो भी आप शुभमन गिल को लेकर आए। मैं शुभमन के लिए खुश हूं पर श्रेयस और यशस्वी के लिए दुखी हूं। दोनों के साथ अच्छा नहीं हुआ।’

उन्होंने कहा, ‘श्रेयसा ने टीम से बाहर होने के बाद भी चैम्पियंस ट्रॉफी में शानदार बल्लेबाजी की थी। अगर श्रेयस को बाहर किये जाने का जवाब यह है कि शुभमन शानदार फॉर्म में है तो श्रेयस भी है। इसलिए उसे भी जगह मिलनी चाहिये थी। यशस्वी इंग्लैंड में अंतिम मैच में कठिन पिच पर शानदार पारी खेली थी इसके बाद भी उसे बाहर कर दिया गया। ’

अश्विन ने कहा, ‘श्रेयस की क्या गलती है। उसने केकेआर को आईपीएल जिताया. उसे नीलामी में भेज दिया गया. उसके बाद वह 2014 के बाद पहली बार पंजाब को फाइनल तक ले गया। उसने शॉर्टगेंद की अपनी कमजोरी भी दूर कर ली। इसलिए मैं उसे और यशस्वी को शामिल नहीं किये जाने से निराश हूं। ’

वहीं पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर ने भी चयनकर्ताओं के फैसले की निंदा करते हुए कहा कि यह संकेत है कि अब टी20 क्रिकेट में श्रेयस के लिए काफी कम संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा, ‘श्रेयस 20 सदस्यीय टीम में क्यो नहीं हैं। इससे साफ है कि वह भविष्य की योजनाओं को हिस्सा अब नहीं रहा। ’


Subscribe to our Newsletter