पाकिस्तान की करा रहे किरकिरी या डिप्टी पीएम डार ने कबूला सच?
Jun 20, 2025
भारत के हमले में नूर खान व शोरकोट एयरबेस हुए तबाह
करांची,। पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार ने जो खुलासा किया उससे कहा जा रहा है कि पाकिस्तान की फिर किरकिरी करा दी है। दरअसल पाकिस्तान दावा करता आ रहा था कि उसने भारत के साथ किसी भी सैन्य टकराव में पलड़ा भारी रखा, लेकिन अब उसी पाकिस्तान के डिप्टी पीएम इशाक डार ने सबके सामने वो सच्चाई बयां कर दी है जिसे अब तक छिपाया जा रहा था।
डिप्टी पीएम डार ने एक बातचीत में सच कबूल करते हुए कह दिया, कि भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने पाकिस्तान के नूर खान और शोरकोट जैसे अहम एयरबेस को तबाह कर दिया था। उन्होंने खुलासा किया कि भारत की ये स्ट्राइक उस समय हुई जब पाकिस्तान खुद पलटवार की तैयारी में जुटा था यानी भारत ने पहले ही हमला करके पाकिस्तान की सैन्य योजना को चौंका दिया। डार के मुताबिक हालात इतने गंभीर हो गए थे कि पाकिस्तान को अमेरिका के साथ-साथ सऊदी अरब का भी सहारा लेना पड़ा।
उन्होंने कहा कि सऊदी प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने कॉल कर पूछा कि क्या मैं जयशंकर से कह सकता हूं कि पाकिस्तान अब लड़ाई रोकना चाहता है? यह बयान बताता है कि इस बार पाकिस्तान की ओर से पीछे हटने की पहल की गई और वह भी भारत से सीधे नहीं बल्कि सऊदी अरब के ज़रिए।
इससे पहले पाक पीएम शहबाज शरीफ भी स्वीकार कर चुके हैं कि भारत ने ब्रह्मोस मिसाइल से पाकिस्तान के कई हिस्सों में हमला किया, इनमें रावलपिंडी एयरपोर्ट भी शामिल है। शरीफ ने अपने बयान में कहा था पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई 10 मई सुबह 4:30 बजे तय थी, लेकिन भारत ने इससे पहले ही हमला कर उनकी तैयारी को ध्वस्त कर दिया। आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर जिन्हें अब फील्ड मार्शल का दर्जा दे दिया गया है, उन्होंने वॉशिंगटन में कहा कि भारत एक खतरनाक ‘नया नॉर्मल’ स्थापित करना चाहता है। सीमाएं लांघकर जब चाहे हमला करने का अधिकार। मुनीर के इस बयान और डार के कबूलनामे से साफ हो गया है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं थी बल्कि पाकिस्तान के मनोबल और रणनीतिक ढांचे पर गहरी चोट थी।