हादसे रोकने व घायल को तत्काल अस्पताल भेजने की गयी पहल

Jan 16, 2025

* ब्लैक स्पॉट में मार्ग मित्र समिति का किया गया गठन

कोरबा  कोरबा जिले में बढ़ते हादसे रोकने और घायलों को तत्काल चिकित्सा उपलब्ध हो इसका प्रयास पुलिस लगातार कर रही है। इसके लिए कोरबा जिला पुलिस महकमा कई कदम उठा रहा है। औद्योगिक नगरी कोरबा में भारी वाहनों के चलते सडक दुर्घटनाएं आम बात हो गई है, दुर्घटना में कई लोगों की समय से पहले जान चली जाती है। 

        ऐसे में इन दुर्घटनाओं को रोकने और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्गो पर स्थित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में एक विशेष कदम उठाते हुए मार्ग मित्र समिति का गठन किया हैं। ये समितियां न केवल जागरूकता फैलाने का काम करेंगी, बल्कि दुर्घटना के बाद तेजी से सहायता भी करेंगी। जिले में बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर 10 ऐसी जगहों को चुना गया है, जिनमें से 7 स्थानों को ब्लैक स्पॉट के रूप में पहचाना गया है। ये क्षेत्र लगभग 27 किलोमीटर लंबा है। जहां अब तक बड़ी संख्या में सडक दुर्घटनाएं, और मौतें दर्ज की गई हैं। वहीं इन खतरनाक क्षेत्रों के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों और दुकानदारों को मार्ग मित्र बनाया गया है, ताकि दुर्घटना के समय तेजी से मदद उपलब्ध कराई जा सके। अभियान के तहत कुल 13 मार्ग मित्र समितियां बनाई गई हैं, जिनमें कुल 54 सदस्यों को शामिल किया गया है। इन मार्ग मित्रों को हादसे की स्थिति में पुलिस और एंबुलेंस को तत्काल सूचित करने का प्रशिक्षण दिया गया है। साथ ही सजग कोरबा जागरूकता अभियान के तहत पांपलेट और जानकारी वाले पोस्टर राजमार्ग के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर चिपकाए गए हैं।



Subscribe to our Newsletter