फीफा रैंकिंग में भारतीय टीम को हुआ नुकसान, 133वें स्थान पर खिसकी

नई दिल्ली । भारतीय फुटबॉल टीम का विश्व फुटबॉल की शीर्ष संस्था (फीफा) रैंकिंग में नुकसान हुआ है। भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम फीफा रैंकिंग में छह स्थान टूटकर 133वें स्थान पर खिसक गई है। भारतीय टीम की रैंकिंग में गिरावट का कारण जून में मिली दो हार रही हैं। उसे थाईलैंड और फिर एशियाई कप क्वालीफाइंग दौर में हांगकांग से हार का सामना करना पड़ा। इससे टीम की रैंकिंग पिछले नौ साल में सबसे नीचे हो गयी है।  इससे पहले भारतीय टीम की सबसे खराब रैंकिंग दिसंबर 2016 में थी तब वह 135वें स्थान पर फिसल गयी थी। 

भारतीय टीम की अब तक की सबसे अच्छी रैंकिंग फरवरी 1996 में 94 रही थी। भारतीय टीम के अभी 1113.22 रेटिंग अंक हैं जबकि पहले उसके 1132.03 रेटिंग अंक थे। वह 46 एशियाई देशों में 24वें स्थान पर है जिसमें जापान (17वीं रैंकिंग) के साथ ही सबसे आगे है। हांगकांग के खिलाफ हार से टीम की 2027 एशियाई कप के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीद को भी झटका लगा है। 

टीम को पिछले आठ में से केवल एक मैच में जीत मिली है। य जीत उसे मार्च में मालदीव से मिली थी। इस साल भारतीय टीम ने अभी तक चार मैच खेले हैं जिसमें से उसे एक ही जीत मिली है जबकि दो मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा जबकि एक मैच ड्रॉ रहा है। फीफा रैंकिग में अभी विश्व चैम्पियन अर्जेंटीना शीर्ष पर बना हुआ है। वहीं उसके बाद स्पेन, फ्रांस, इंग्लैंड, ब्राजील और पुर्तगाल जैसी टीमें हैं। 



Subscribe to our Newsletter