दूसरे टेस्ट में कमजोर बल्लेबाजी के कारण हारी भारतीय टीम : हेडन
Dec 10, 2024
एडिलेड। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर मैथ्यू हेडन ने गुलाबी गेंद से खेले गये दूसरे क्रिकेट टेस्ट में भारतीय टीम को मिली हार के पीछे उसकी खराब बल्लेबाजी को कारण बताया है। हेडन के अनुसार दिन-रात के मैच में गुलाबी गेंद से खेलना आसान नहीं होता पर इसके बाद भी भारतीय टीम को कम से कम डेढ़ दिन खेलना चाहिये था पर वह असफल रही। भारतीय टीम का कोई भी बल्लेबाज इस मैच में 50 रनों तक भी नहीं पहुंच पाया। वहीं मेजबान ऑस्ट्रेलिया की ओर से बल्लेबाज ट्रैविस हेड ने शतक लगाया था जबकि मिचेल स्टार्क और कप्तान पैट कमिंस ने कसी हुई गेंदबाजी कर भारतीय टीम को कोई अवसर नहीं दिया। हेडन ने भारतीय टीम की कमी को लेकर कहा कि उसने अच्छी बल्लेबाजी नहीं की, इसमें कोई संदेह नहीं है। भले ही यह बल्लेबाजी के लिए एक कठिन ट्रैक था, लेकिन उन्हें डेढ़ दिन से कम समय में आउट नहीं होना चाहिए था। इसलिए तीसर टेस्ट के लिए बल्लेबाजी ठीक करनी होगी। हेडन ने टेस्ट सीरीज से पहले कहा था कि भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल इस सीरीज में सबसे अधिक रन बनने वाले खिलाड़ी रहेंगे पर यशस्वी केवल एक पारी में शतक लगाने के अलावा अब तक असफल रहे हैं। इसी को लेकर हेडन ने कहा कि कई बार आपको सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए निरंतरता की जरूरत होती है। मुझे लगता है कि यशस्वी को यहां अपने को समय देते हुए विकेट पर टिक कर खेलना चाहिये। एक बार जमने पर रन बनाना आसान हो जाता है।