भारतीय टीम सेना देशों में सबसे अधिक मैच जीतने वाली टीम बनी
Jul 08, 2025
पाक को पीछे छोड़ा
मुम्बई । भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम टेस्ट में जीत के साथ ही एक अहम रिकार्ड अपने नाम किया है। इसी के साथ ही भारतीय टीम एजबेस्टन में में जीत दर्ज करने वाली पहली एशियाई टीम बनी है। ये पहली बार है जब किसी एशियाई टीम ने इस मैदान पर जीत हासिल की और 1000 से ज्यादा रन बनाए है। इसके अलावा भी कई रिकॉर्ड भारतीय टीम ने बनाये हैं। इसी के साथ ही भारतीय टीम ने पाकिस्तान को भी पीछे छोड़ दिया है और वह सेना देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने वाली टीम बन गयी है। बर्मिंघम में इससे पहले भारतीय टीम ने कभी भी कोई टेस्ट मैच नहीं जीता था।
भारतीय टीम अब एशिया की पहली ऐसी टीम है, जिसने सेना देशों सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीते हैं। भारतीय टीम ने इन चार देशों में कुल 30वां मैच जीता है। वहीं, पाकिस्तान ने सेना देशों में कुल 29 मुकाबले जीते थे। भारत ने 178 टेस्ट मैचों में 30 मुकाबले जबकि पाकिस्तान ने 148 मैचों में 29 मुकाबले दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में जीते हैं।
इस सूची में तीसरा नाम श्रीलंका का है पर श्रीलंका ने केवल 9 ही मुकाबले अब तक सेना देशों में जीते हैं। श्रीलंका की टीम ने 76 मुकाबले अब तक इन चार देशों में खेले हैं। वहीं बांग्लादेश की टीम अभी तक केवल एक ही मैच जीत पाई है। बांग्लादेश ने सेना देशों में में कुल 25 मुकाबले खेले हैं और इनमें से सिर्फ एक मैच में जीत दर्ज की है। जनवरी 2022 में बांग्लादेश की टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच जीता था, जबकि अन्य तीन देशों में अभी तक बांग्लादेश नहीं जीती है।