भारत का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 692.86 अरब डॉलर पर पहुंचा
Aug 08, 2026
- लगातार दूसरे सप्ताह मजबूत वृद्धि, आर्थिक मजबूती व नीतिगत प्रयासों का परिणाम
नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बताया कि 31 जुलाई को समाप्त सप्ताह में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 10.512 अरब डॉलर की भारी वृद्धि दर्ज की गई। यह अब 692.866 अरब डॉलर पर पहुंच गया है, जो देश की आर्थिक मजबूती का सकारात्मक संकेत है और लगातार दूसरा सप्ताह है जब भंडार में महत्वपूर्ण इजाफा हुआ है।
यह वृद्धि पिछले सप्ताह की $6.118 अरब की बढ़ोतरी के बाद हुई है। इस साल 27 फरवरी को भंडार 728.494 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर था, लेकिन पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण रुपये पर दबाव बढ़ने से आरबीआई को डॉलर बेचकर हस्तक्षेप करना पड़ा था, जिससे इसमें गिरावट आई थी। वर्तमान वृद्धि उस गिरावट से उबरने में सहायक है।
आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार इस उछाल में विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों (एफसीए) में 8.75 अरब डॉलर का इजाफा शामिल है, जो अब 564.68 डॉलर अरब हो गई हैं। स्वर्ण भंडार भी 1.685 अरब डॉलर बढ़कर 104.743 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। सरकार और केंद्रीय बैंक द्वारा पिछले महीने विदेशी मुद्रा प्रवाह आकर्षित करने के लिए शुरू किए गए विशेष उपायों, जैसी एफसीएनआर (बी) योजनाओं का भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान है, जिनसे अब तक 32 अरब डॉलर प्राप्त होने की रिपोर्ट है।