इंडिया चैम्पियंस हार के साथ ही वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स से बाहर हुई

लंदन । यहां जारी पूर्व क्रिकेटरों के वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स क्रिकेट टूर्नामेंट में इयान मॉर्गन की कप्तानी वाली इंग्लैंड चैम्पियंस ने इंडिया चैम्पियंस को हरा दिया। इस हार के साथ ही इंडिया चैम्पियंस टीम मुकाबले से बाहर हो गयी है। वहीं मेजबान इंग्लैंड की टीम अंक तालिका में चौथे नंबर पर है और सेमीफाइनल की रेस में बनी हुई है। इस मैच में मेजबान इंग्लैंड चैम्पियंस ने रवि बोपारा के शतक 110 रनों की सहायता से पहले बल्लेबाजी करते हुए 223 रन बनाये। इसके अलावा इंग्लैंड चैम्पियंस की ओर से सलामी बल्लेबाज इयान बेल 39 गेंद में 54 रन बनाये। मोईन अली ने 13 गेंद में 33 रनों की पारी खेली जबकि समित पटेल ने 20 रन बनाए।

वहीं पीयूष चावला और हरभजन सिंह के अलावा अन्य भारतीय गेंदबाजों ने 8 या इससे अधिक रन दिये। हरभजन के 3 ओवर के 18 रन गये और उन्होंने 2 विकेट लिए। चावला ने 4 ओवर में केवल 25 रन दिए। दूसरी ओर पवन नेगी ने 4 ओवर में 62 और विनय कुमार ने 4 ओवर में 54 रन दिये। इसके बाद जीत के लिए मिले 224 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडिया चैम्पियंस 8 विकेट पर 200 रन ही बना पाये। इंडिया चैम्पियंस की ओर से यूसुफ पठान ने 52, युवराज सिंह ने 38, स्टुअर्ट बिन्नी ने 35 और अंबाती रायडू ने 28 रन बनाये पर बाकि खिलाड़ी असफल रहे। 


Subscribe to our Newsletter