भारत और न्यूजीलैंड चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंचे, पाकिस्तान और बांग्लादेश बाहर हुए
Feb 25, 2025
ग्रुप बी में अभी तय नहीं हुए नाम
रावलपिंडी । न्यूजीलैंड की टीम ने आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के ग्रुप ए के अपने दूसरे मैच में बांग्लादेश को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। कीवी टीम की जीत के साथ ही पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गयी है। वहीं अपने दोनो मैच जीतने वाली भारतीय टीम भी सेमीफाइनल में पहुंच गयी है। भारत और न्यूजीलैंड की टीमों ने अब तक अपने ग्रुप में 2-2 मैच खेले और दोनों में जीत दर्ज की है। वहीं दूसरी और पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमों अपने दोनो ही मैच हारी हैं। इस प्रकार अंक तालिका के आधार पर ये दोनो ही टीमें बाहर हो गयी हैं। वहीं भारत और न्यजीलैंड ने पहले ओर दूसरे नंबर पर रहते हुए अंतिम चार में जगह बनायी है।
भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 6 विकेट से हराया था. इसके बाद पाकिस्तान को भी 6 विकेट से हराया। कीवी टीम ने अपने पहले ही मैच में पाक को 60 रनों से हराया था। अब ग्रुप-ए में 2 मैच और खेले जाएंगे पर इन दोनो के परिणामों से कोई अंतर नहीं पड़ेगा। ग्रुप का अगला मैच पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच 27 फरवरी को रावलपिंडी में जबकि ग्रुप का अंतिम मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 मार्च को दुबई में होगा।
वहीं न्यूजीलैंड-बांग्लादेश मैच की बात करें तो इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेशी टीम ने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो के 77 रनों की सहायता से 9 विकेट पर 236 रन बनाए। इसके बाद जीत के लिए मिले लक्ष्य को कीवी टीम ने रचिन रवींद्र के 112 रनों की सहायता से आसानी से हासिल कर लिया। इस मैच में रचिन और टॉम लेथम के बीच 129 रनों की साझेदारी हुई।
ग्रुप बी दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया ने एक एक मैच जीते हैं। इस प्रकार दोनों टीमें अंक तालिका में पहले और दूसरे नंबर पर हैं। वहीं इंग्लैंड और अफगानिस्तान की टीमों शुरुआती मैचों में हारी है। ऐसे में अभी सेमीफाइनल के पक्के तौर पर कुछ तय नहीं हुआ है हालांकि अब तक दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल की दौड़ में सबसे आगे हैं।