भारत और इंडोनेशिया दस साल में बढ़ा सकते हैं चार गुना व्यापार

Jan 29, 2025

दोनों सांस्कृतिक, व्यापार व निवेश संबंधों को गहरा करने में हैं मददगार

नई दिल्ली। भारत और इंडोनेशिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार करीब 30 अरब अमेरिकी डॉलर का है और यह एक दशक में चार गुना और बढ़ सकता है। यह दावा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रमुख अनिंद्य बाकरी ने किया। उन्होंने कहा कि भारत और इंडोनेशिया प्रभावी तरीके से विश्व की सेवा करेंगे। विनिर्माण व बुनियादी ढांचा क्षेत्र पर केंद्रित कंपनी बाकरी एंड ब्रदर्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ने कहा कि दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक सांस्कृतिक संबंध, व्यापार व निवेश संबंधों को गहरा करने में मददगार हैं। 

इंडोनेशिया, दुनिया में सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश है। बाकरी व्यापार संबंधों पर चर्चा करने के लिए पीएम मोदी से मिलने वाले इंडोनेशियाई राष्ट्रपति के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे। उन्होंने कहा कि यह संबंध अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर है। व्यापार और निवेश के मामले में 30 अरब अमेरिकी डॉलर का मौजूदा व्यापार अब भी बहुत कम है। अगर सही तरीके से प्रबंधन किया जाए तो यह 10 साल में चार गुना हो सकता है।

बाकरी ने कहा कि ज्यादा महत्वपूर्ण पहलू यह है कि हम विश्व की सेवा के लिए एक साथ कैसे काम कर सकते हैं, चाहे विनिर्माण, प्रौद्योगिकी, औषधि, शिक्षा या ऊर्जा बदलाव…कोई भी क्षेत्र हो। भारत और इंडोनेशिया के इस साल व्यापार और निवेश पर कार्य समूह की दूसरी बैठक और व्यापार में लंबित शुल्क व गैर-शुल्क बाधाओं के समाधान के लिए व्यापार मंत्रियों के चौथे द्विवार्षिक मंच की बैठक आयोजित करने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया और भारत एक साथ मिलकर बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़ सकते हैं और सांस्कृतिक इतिहास निश्चित रूप से इसमें मदद करता है। बाकरी ने कहा कि रक्षा एक ऐसा क्षेत्र है जिस पर हमारे राष्ट्रपति ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। यह एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें भारत उत्कृष्ट है। साथ ही हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत और इंडोनेशिया दोनों की रणनीतिक स्थिति को देखते हुए मुझे आश्चर्य नहीं है कि इससे नौकरियां उत्पन्न हो सकती हैं और व्यापार में ज्यादा संतुलन हो सकता है।


Subscribe to our Newsletter