भारत और बांग्लादेश करेंगे 2025 और 2027 में एशिया कप का आयोजन : एसीसी

कुआलालंपुर । एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने कहा है कि भारत में साल 2025 में टी20 एशिया कप खेला जाएगा। एसीसी के अनुसार एशिया कप को हमेशा वैश्विक आयोजन की तैयारियों के रूप में इस्तेमाल किया जाता है और उसी प्रारूप में खेला जाता है। एशिया कप के 2023 सत्र की मेजबानी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ‘हाईब्रिड मॉडल पर की थी। भारत ने तब एशिया कप के लिए पाक का दौरा करने से मना कर दिया था और इसके ज्यादातर मैच श्रीलंका में खेले गए थे।

बांग्लादेश साल 2027 में एकदिवसीय प्रारूप में इस टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। साल 2027 में दक्षिण अफ्रीका में एकदिवसीय विश्व कप खेला जाना है। भारत में टी20 प्रारूप और बांग्लादेश में 50 ओवर के प्रारूप में खेले जाने वाले एशिया कप में 13-13 मैच खेले जाएंगे। एसीसी ने कहा कि पुरुष एशिया कप टूर्नामेंट एसीसी द्वारा नामित सदस्यों के बीच दो साल के अंतराल पर आयोजित होने वाला पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट है। 


Subscribe to our Newsletter