दिल्ली में शख्स ने कार में बंद कर खुद को लगा ली आग
Jun 07, 2024
नई दिल्ली । नेहरू प्लेस इलाके में एक शख्स ने खुद को कार के अंदर बंद कर आग लगा ली। हालांकि आग एक मिनट में ही बुझ गई। अंदाजा लगाया जा रहा है कि दम घुटने से उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान दयानंद कॉलोनी, लाजपत नगर निवासी ध्रुव महाजन(34) के तौर पर हुई है। वह गुरुग्राम में प्राइवेट कंपनी में जॉब करते थे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एम्स की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। जांच में पता चला है कि उन पर काफी कर्ज था और वह तनाव में थे। फिलहाल कालकाजी पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। डीसीपी राजेश देव ने बताया कि गुरुवार सुबह कालकाजी पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली थी कि एक खड़ी फोर्ड कार के अंदर शव पड़ा है और चारों तरफ खून बिखरा हुआ है।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि एक पुरानी ग्रे रंग की फोर्ड कार नेहरू प्लेस के देविका टावर के पास पहाड़पुर बिजनेस सेंटर के सामने खड़ी है। कार के अंदर ड्राइविंग सीट पर एक शख्स मृत पड़ा था और उनकी नाक से खून निकला हुआ था। कार से सभी गेट बंद थे। पुलिसवालों ने कार का पिछला शीशा तोड़कर कार को खोला। मृतक के चेहरे, हाथ और जांघ पर चोट लगी थी। उनकी नाक से काफी खून बह रहा था। कार के अंदर से पेट्रोल की गंध आ रही थी। मृतक के बाल भी पूरी तरह से झुलसे हुए थे। स्टीयरिंग वील आंशिक रूप से जला था। टी-शर्ट में कालिख लगी थी। सीट पर क्रशड पानी की बोतल पड़ी थी। इसके साथ इस्तेमाल हुई माचिस भी मिली।