कांग्रेस सरकारों में योजनाएं कागजों तक सीमित रहती थीं, आज जन जन तक पहुंच रही हैं : भाजपा
Sep 25, 2023
अहमदाबाद | आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं| आज गुजरात प्रदेश भाजपा प्रमुख सीआर पाटील ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकारों के दौरान योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रहती हैं| लेकिन आज भाजपा सरकार में सभी योजनाएं जन जन तक पहुंच रही हैं| दरअसल गुजरात भाजपा मुख्यालय में सोशल मीडिया यूथ समिट का आयोजन किया गया था|
जिसमें सीआर पाटील ने गुजरात प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को केन्द्र और राज्य सरकारों की योजनाएं जन जन तक पहुंचाने का आह्वान किया| पाटील ने कहा कि कार्यकर्ता आग की तरह नहीं बल्कि दावानल की भांति फैल जाते हैं| आग बुझ जाती है परंतु दावानल नहीं| इस दावानल की चपेट में आनेवाले सभी भस्मीभूत हो जाते हैं| उन्होंने कार्यकर्ताओं को नेगेटिव फैलाने वालों के खिलाफ आक्रामक होने का आह्वान करते हुए कहा कि रेलवे क्षेत्र में विकास की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाएं|
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वंदे भारत ट्रेन का संकल्प साकार हुआ है| इतना ही नहीं पीएम मोदी के नेतृत्व में रेलवे क्षेत्र में काफी सुधार हुआ है| सीआर पाटील ने कार्यकर्ताओं को नमो एप के उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि इसके जरिए केन्द्र की योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाएं| कांग्रेस पर प्रहार करते हुए पाटील ने कहा कि उसकी सरकारों के दौरान योजनाएं कागजों पर बनती जरूर थीं, लेकिन लोगों तक नहीं पहुंचती थी| लेकिन आज पीएम मोदी के नेतृत्व में सभी योजनाएं जन जन तक पहुंच रही हैं| भाजपा मुख्यालय में आयोजित सोशल मीडिया यूथ समिट में सीआर पाटील के अलावा संगठन महामंत्री रत्नाकर, महामंत्री रजनी पटेल, विनोद चावडा और युवा मोर्चा के प्रमुख प्रशांत कोराट समेत बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे|