इमरान की बीवी अपने शौहर की सुरक्षा को लेकर परेशान, जेल में जहर देने की आशंका


इस्लामाबाद । इमरान खान की बीवी अपने शौहर की सुरक्षा को लेकर इन ‎दिनों बेहद परेशान है। उन्होंने आशंका व्यक्त की है ‎कि कहीं इमरान को जेल में जहर न दे ‎दिया जाए। जेल से स्थानांतरण को लेकर उन्होंने एक पत्र भी ‎‎लिखा है। जानकारी के अनुसार पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के अध्यक्ष इमरान खान की पत्नी बुशरा बीवी ने अपने पति की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। बुशरा बीवी का कहना है कि इमरान को अटक जेल में जहर दिया जा सकता है।

उन्होंने पंजाब प्रांत के गृह सचिव को पत्र लिखकर कहा है कि अदालत ने संबंधित अधिकारियों को उनके पति को रावलपिंडी की अदियाला जेल में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने पत्र में मांग की है ‎कि मेरे पति को बिना किसी कारण के अटक जेल में कैद कर दिया गया है। कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक उनको तत्काल अदियाला जेल में स्थानांतरित किया जाना चाहिए।

गौरतलब है ‎कि इमरान खान को इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किया गया था। इस्लामाबाद की एक अदालत ने उन्हें 2018-22 के बीच अपने कार्यकाल के दौरान विदेशी गणमान्य व्यक्तियों से प्रधानमंत्री के रूप में प्राप्त सरकारी उपहारों की बिक्री से संबंधित तोशाखाना मामले में 3 साल की जेल की सजा सुनाई थी। वहीं 5 साल के लिए चुनाव लड़ने से भी अयोग्य घोषित कर दिया था। 

इमरान की बीवी बुशरा ने अपने पत्र में मांग की कि पीटीआई प्रमुख को उनकी सामाजिक और राजनीतिक स्थिति के अनुसार जेल में बी श्रेणी की सुविधाएं प्रदान की जानी चाहिए। क्योंकि वह ऑक्सफोर्ड स्नातक और राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान हैं।

इस बीच, बुशरा बीवी ने पंजाब प्रांत के गृह सचिव को यह भी लिखा है कि पहले भी उनके पति इमरान खान की दो बार हत्या की कोशिशें की जा चुकी हैं, लेकिन इसमें शामिल आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने पत्र में लिखा ‎कि इमरान खान की जान अब भी खतरे में है और डर है कि मेरे पति को अटक जेल में जहर दे दिया जाएगा। देश के पूर्व प्रधानमंत्री होने के नाते उन्हें जेल में घर का बना खाना खाने की अनुमति दी जानी चाहिए।

जेल मैनुअल पर प्रकाश डालते हुए, पाकिस्तान की पूर्व प्रथम महिला बुशरा ने लिखा है कि इमरान को 48 घंटे के भीतर सभी सुविधाएं प्रदान की जानी थीं, लेकिन 12 दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें कोई सिक्योरिटी नहीं दी गई है।

बुशरा बीवी ने मांग की है कि जेल नियमों के मुताबिक, उनके पति इमरान खान को एक निजी डॉक्टर से मेडिकल जांच कराने का अधिकार है। उन्होंने इमरान को जेल मैनुअल के मुताबिक सुविधाएं मुहैया नहीं कराने की जांच की मांग की है। इसके पहले पिछले हफ्ते पीटीआई कोर कमेटी ने भी इसी तरह की चिंता व्यक्त की थी कि इमरान खान ‘स्लो पाइजन’ से पीड़ित हो सकते हैं और उन्हें घर का बना खाना और पानी उपलब्ध कराने की मांग की थी। 



Subscribe to our Newsletter