
काम में लापरवाही बरती तो संबंधित अधिकारी होंगे जिम्मेदार
May 16, 2025
-यूपी के जल शक्ति मंत्री ने लिया बाढ़ सुरक्षा कार्यो का जायजा
गोरखपुर,। प्रदेश के जल शक्ति मंत्री एवं गोरखपुर के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को जिले में बाढ़ सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम मिर्जापुर में राप्ती नदी के बाएं तट पर स्थित मलौनी तटबंध के 12.759 किमी से 13.469 किमी के बीच चल रहे बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों को देखा। इसके बाद मंत्री ग्राम डुहिया पहुंचे, जहां उन्होंने मलौनी तटबंध के 8.280 से 8.566 किमी तक के हिस्से में कराए जा रहे कार्यों की aस्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मंत्री स्वतंत्र देव ने काम की धीमी गति देखकर उसे तेज करने को कहा और चेताया कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही बरती गई तो संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे। उन्होंने अवर अभियंताओं व सहायक अभियंताओं से बातचीत कर विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से संवाद करते हुए मंत्री स्वतंत्र देव ने उनकी समस्याएं सुनीं और बाढ़ बचाव कार्यों की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी हाल में कार्यों में लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।