जैन को एक्सटेंशन नहीं तो दो पीएस बनेंगे एसीएस
Aug 22, 2025
31 अगस्त को रिटायर होंगे अनुराग और कंसोटिया, दीपाली के साथ शिवशेखर को मौका
भोपाल। प्रदेश के नए मुख्य सचिव को लेकर स्थिति अभी साफ नहीं है। इसी वजह से प्रमुख सचिव से अपर मुख्य सचिव पद पर पदोन्नति पाने वाले आईएएस अफसरों का भविष्य भी अटका हुआ है। यदि वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन को एक्सटेंशन मिल जाता है तो अपर मुख्य सचिव कैडर का एक भी पद रिक्त नहीं होगा। वहीं, अगर उन्हें एक्सटेंशन नहीं मिलता तो दो पद खाली होंगे। ऐसी स्थिति में सीनियर आईएएस अधिकारी दीपाली रस्तोगी और शिवशेखर शुक्ला को अपर मुख्य सचिव पद पर प्रमोशन और वेतनमान मिलना तय माना जा रहा है।
मुख्य सचिव अनुराग जैन और अपर मुख्य सचिव गृह जेएन कंसोटिया का रिटायरमेंट 31 अगस्त को होना है। चूंकि उस दिन रविवार है, इसलिए दोनों अफसरों का रिटायरमेंट 29 अगस्त को ही माना जाएगा। मंत्रालय सूत्रों के अनुसार, मुख्य सचिव का पद अपर मुख्य सचिव स्तर का ही होता है, बस भत्ते और सुविधाएं अलग से मिलती हैं। यही वजह है कि जैसे ही अपर मुख्य सचिव कैडर के अधिकारी रिटायर होते हैं, उस रिक्ति की भरपाई के लिए प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी को प्रमोट कर दिया जाता है।
पीएम मोदी के दौरे के बाद साफ होगी स्थिति
माना जा रहा है कि मुख्य सचिव अनुराग जैन के एक्सटेंशन को लेकर जो असमंजस की स्थिति बनी है वह 25 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पीएम मित्रा पार्क के उद्घाटन के बाद स्पष्ट हो सकती है। जैन की नई भूमिका तो रहेगी, यह भी साफ हो गया है लेकिन वह मुख्य सचिव के रूप में ही होगी या केंद्र और राज्य सरकार के किसी स्वायत्त संस्था के चेयरमैन के रूप में होगी, इसका फैसला भी इसके बाद ही होगा।
अन्य नाम तय हुआ तो खाली होंगे एसीएस पद
अगर सीएस जैन रिटायर होते हैं और केंद्र में पदस्थ एमपी कैडर के आईएएस अलका उपाध्याय या मनोज गोविल को सीएस बनाया जाता है तो उनकी केंद्र से वापसी होगी और ऐसे में मुख्य सचिव जैन के रिटायर होने से रिक्त होने वाले पद पर अलका उपाध्याय या मनोज गोविल (जिसका भी नाम तय हो) की पोस्टिंग हो जाएगी। इसलिए पद रिक्त नहीं होगा। दूसरी ओर अगर अलका उपाध्याय, मनोज गोविल के अलावा एमपी में पदस्थ राजेश राजौरा, अशोक बर्णवाल या किसी और को मुख्य सचिव बनाया जाता है तो अपर मुख्य सचिव स्तर के संबंधित अधिकारी का पद रिक्त हो जाएगा। इसके अलावा अपर मुख्य सचिव जेएन कंसोटिया के रिटायर होने से एक पद रिक्त होना तो तय ही है। इन स्थितियों में दो प्रमुख सचिवों को अपर मुख्य सचिव बनने का मौका मिल सकता हैं।
दीपाली का प्रमोशन तय, शिवशेखर इंतजार में
आईएएस अफसरों की सीनियरिटी लिस्ट के अनुसार, अपर मुख्य सचिव अजीत केसरी के रिटायरमेंट के बाद प्रमुख सचिव वित्त मनीष रस्तोगी को एसीएस बनाया गया था। अब इस माह होने वाले रिटायरमेंट में प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की दीपाली रस्तोगी का अपर मुख्य सचिव पद पर प्रमोशन लगभग तय माना जा रहा है। वजह यह है कि उनके बाद सीनियर आईएएस पल्लवी जैन गोविल अप्रैल 2025 तक केंद्र में पदस्थ हैं और उनकी वापसी की संभावना फिलहाल नहीं है। ऐसे में 1994 बैच की सबसे सीनियर प्रमुख सचिव होने के नाते दीपाली रस्तोगी को एसीएस बनाया जाएगा। इसके अलावा, यदि मुख्य सचिव अनुराग जैन रिटायर होते हैं तो उनके रिक्त पद पर दीपाली रस्तोगी को और गृह विभाग के एसीएस जे.एन. कंसोटिया के रिटायर होने से खाली हुए पद पर प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति विभाग शिवशेखर शुक्ला को एसीएस पदोन्नति मिलेगी। हालांकि, यदि जैन को एक्सटेंशन मिल जाता है तो शुक्ला को एसीएस बनने के लिए इंतजार करना होगा।