विश्वास नहीं हो रहा कि शेफाली अब दुनिया में नहीं रही: आरती सिंह
Jul 02, 2025
मुंबई ।‘कांटा लगा’ फेम एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला के निधन पर टीवी अभिनेत्री आरती सिंह ने सोशल मीडिया पर एक लंबा और भावुक पोस्ट लिखकर अपनी पीड़ा और यादें साझा कीं। आरती ने इंस्टाग्राम पर शेफाली के साथ अपनी कुछ तस्वीरें और ‘बिग बॉस 13’ का एक वीडियो शेयर किया।
उन्होंने लिखा कि उन्हें अब तक विश्वास नहीं हो रहा कि शेफाली अब इस दुनिया में नहीं हैं। आरती ने लिखा कि अभी कुछ दिन पहले ही दोनों जिम में मिली थीं और साथ कार्डियो करने का प्लान बनाया था। उन्होंने याद किया कि शेफाली ने उनसे कहा था, “तेरे लिए बहुत खुशी होती है। तू खुश है न?” आरती ने बताया कि वह अक्सर जब कोई पूछता था कि वह आज भी किससे बात करती हैं, तो बस एक ही नाम लेती थीं – शेफू। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि शेफाली इतनी जल्दी उन्हें छोड़कर चली जाएंगी। आरती ने शेफाली को याद करते हुए कहा कि वह बहुत खुशमिजाज और बच्ची जैसी चुलबुली थीं। उनके दिल में कोई छल-कपट नहीं था और वह कभी किसी की बुराई नहीं करती थीं।
उन्होंने लिखा कि शेफाली ने हमेशा उन्हें ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद दिया। आरती ने भगवान से सवाल किया कि ऐसा क्यों हुआ। उन्होंने कहा कि वह शेफाली से प्यार करती थीं और हमेशा करती रहेंगी। उन्होंने यह भी याद किया कि ‘बिग बॉस’ में शेफाली की एंट्री पर उनकी नजरें उनसे हटती ही नहीं थीं। शादी से पहले शेफाली हर दिन उन्हें फोन करके बड़ी बहन की तरह सलाह देती थीं कि फेशियल करा ले, तैयारी कर ले। उन्होंने लिखा कि शेफाली और उनके पति पराग त्यागी उनकी शादी को लेकर बहुत खुश थे जैसे अपनी ही बहन की शादी हो। पोस्ट में आरती ने पराग के लिए भी लिखा कि उन्होंने शेफाली की बच्चे की तरह देखभाल की और बहुत प्यार दिया। उन्होंने कहा कि वे सब लोग तो धीरे-धीरे इस गम से उबर जाएंगे, लेकिन परिवार को यह दुख जीवन भर झेलना होगा। उन्होंने लिखा कि यह जाने का समय नहीं था, शेफाली को और खुशियां और प्यार बांटना था।
अंत में आरती ने लिखा कि वह ‘आरआईपी’ लिखना पसंद नहीं करतीं, बस प्रार्थना करती हैं कि शेफाली जहां भी हों, खुश रहें और उनके परिवार को इस दुख को सहने की ताकत मिले। बता दें कि टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर उस वक्त दौड़ गई जब ‘कांटा लगा’ फेम एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला के निधन की खबर आई। 42 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट के चलते शेफाली का 27 जून को निधन हो गया। उनके अचानक यूं चले जाने से उनके करीबियों और फैंस को बड़ा सदमा लगा है।