ओमान गया पति, फिर भाभी से शादी करने पर तुला देवर
Sep 22, 2023
शाहजहांपुर । शाहजहांपुर में पति के विदेश जाने के बाद देवर अपनी भाभी से शादी के लिए उसे प्रताड़ित कर रहा है। इसके कारण पीड़ित महिला पिछले 4 साल से अपने शौहर को पाने के लिए अपने ससुराल के गेट पर बैठी है। पति के घर वाले ताला लगाकर रफूचक्कर हो गये हैं। इस मामले में पुलिस ने पंचायत की लेकिन कोई हल नहीं निकला है। यह मामला थाना चौक कोतवाली के मोहम्मद जई मोहल्ले का है जहां हरदोई की रहने वाली महिला अपने बच्चों को लेकर इन दिनों अपनी ससुराल के गेट पर पहरा दे रही है।
3-3 घंटे और रात-रात में ससुराल के दरवाजे पर बैठकर अपने पति का इंतजार कर रही है, लेकिन ना तो पति अपनी पत्नी और बच्चे की सुध ले रहा है और ना ही ससुराल वाले। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षो की पंचायत कराई लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला है। हरदोई की पीड़िता की शादी 4 साल पहले जुनैद से हुई थी।
शादी के सवा महीने बाद ही जुनैद ओमान चला गया और वहां नौकरी करने लगा। इस दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई और वह अपने मायके में रहने लगी। बच्चे की डिलीवरी के बाद जब वह ससुराल आई तो उसका देवर अब्दुल्ला उस पर बुरी नीयत रखने लगा। उसके साथ गलत हरकतें करने के साथ शादी करने का प्रस्ताव भी दिया। इस पर ससुराल वालों ने जुनैद को मुबशिरा के खिलाफ भड़का दिया। इसके बाद जुनैद ने पत्नी से बात करना छोड़ दिया।
वह जब-जब अपने ससुराल जाती है तो ससुराल वाले घर में ताला जड़कर फरार हो जाते हैं। ऐसे में पीड़िता ने पुलिस से मिलकर पंचायत कराई लेकिन अभी तक इस मामले का कोई हल नहीं निकला है। इस मामले का हल कराने के लिए पीड़ित महिला ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।