पाकिस्तान में आई आफत की बाढ़ सैकड़ों घर बने मलवा, लाइव रिपोर्टिंग कर रहा पत्रकार बह गया

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में बारिश और बाढ़ से जमकर तबाही हो रही है। यहां सैकड़ो घर पानी में बह गए और कुछ वहीं के वहीं जमींदोज होकर मलवा बन गए है। हालातों को दिखाने लाइव रिपोर्टिंग कर रहा एक पत्रकार पानी के सैलाब में बह गया। रावलपिंडी के चहान डैम के पास बाढ़ की रिपोर्टिंग कर रहा एक पत्रकार तेज बहाव में बह गया। रिपोर्टर गर्दन तक पानी में खड़ा था और उसी हालत में लाइव कवरेज कर रहा था, तभी पानी का जोर ऐसा बढ़ा कि वो खुद भी बहाव का शिकार हो गया। इस वीडियो में रिपोर्टर हाथ में माइक लिए गर्दन तक पानी में खड़ा नजर आता है। कैमरे में सिर्फ उसका सिर और माइक वाला हाथ दिखता है। रिपोर्टिंग के दौरान ही पानी का बहाव बढ़ता है और पत्रकार धीरे-धीरे बहने लगता है। इस दृश्य ने सोशल मीडिया पर यूजर्स को हैरान और भावुक कर दिया है। कई लोगों ने उसकी हिम्मत की सराहना तो कुछ ने उसकी जान को खतरे में डालने पर सवाल उठाए हैं।

इस पूरी घटना ने पत्रकारिता की सीमाओं और जोखिम पर बहस छेड़ दी है। रिपोर्टर की पहचान अभी सामने नहीं आई है। लेकिन उसकी रिपोर्टिंग को ‘असाधारण साहस’ और ‘बेहद जोखिम भरा कदम’ दोनों कहा जा रहा है। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर कहा कि रिपोर्टिंग करते हुए पत्रकार ने अपनी जान की परवाह नहीं की। जबकि कुछ यूजर्स ने चैनलों की “टीआरपी की भूख” को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। अब सवाल ये उठता है कि क्या रिपोर्टिंग के नाम पर जान जोखिम में डालना पत्रकारिता है या मीडिया का अतिउत्साह? ये वीडियो भले ही वायरल हो गया हो, लेकिन यह पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल जरूर छोड़ गया है।

पाकिस्तान में 26 जून से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने हालात बेकाबू कर दिए हैं। अब तक कम से कम 116 लोगों की मौत और 250 से अधिक घायल हो चुके हैं। सबसे ज्यादा मौतें पंजाब प्रांत (44 मौतें) में हुई हैं, उसके बाद खैबर पख्तूनख्वा (37), सिंध (18) और बलूचिस्तान (16) में। पाक अधिकृत कश्मीर से भी एक मौत और पांच घायल की जानकारी सामने आई है। इस आपदा से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं, सैकड़ों घर तबाह हो चुके हैं और बिजली-पानी जैसी बेसिक सुविधाएं ठप पड़ चुकी हैं। चहान डैम के ढहने के बाद रावलपिंडी सहित कई इलाके जलमग्न हो गए हैं और राहत-बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।


Subscribe to our Newsletter