चीन में एप्पल को पछाड़ हुआवे बना नंबर-1 ब्रांड
Jul 22, 2025
मुंबई । चीन के स्मार्टफोन बाजार में 2025 की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून) के दौरान कुल बिक्री में 2.4 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। यह गिरावट पिछले साल की समान अवधि की तुलना में है। इस दौरान अमेरिकी कंपनी एप्पल की बिक्री में 1.6 फीसदी की कमी आई है, जबकि घरेलू ब्रांड हुआवे ने 17.6 फीसदी की तेज़ वृद्धि दर्ज की।
अब हुआवे 18.1 फीसदी मार्केट शेयर के साथ चीन की सबसे बड़ी स्मार्टफोन कंपनी बन गई है। हुआवे की मेटे सीरीज और उन्नत 5जी फोन्स ने बाजार में उसकी पकड़ मजबूत की है। साथ ही राष्ट्रीय ब्रांड के रूप में उसे सरकार और उपभोक्ताओं से व्यापक समर्थन मिल रहा है। दूसरी ओर एप्पल को अब स्थानीय ब्रांड्स से कड़ी टक्कर मिल रही है, खासकर प्रीमियम सेगमेंट में। झिओमी और हुआवे जैसे ब्रांड तेजी से आईफोन की जगह ले रहे हैं, जिससे एप्पल की चीन में स्थिति चुनौतीपूर्ण होती जा रही है।