मनाली में बादल फटने से आई बाढ़ में मकान व कई मवेशी बहे, पुलिस ने किया अलर्ट

मनाली,। हिमाचल प्रदेश के मनाली में बीती रात को बादल फटने से बाढ़ आ गई। भारी बारिश के चलते अंजनी महादेव नाले में सैलाब आ गया और बड़े-बड़े पत्थर बहकर नेशनल हाईवे पर आ गए जिससे हाईवे का यातायात बंद हो गया है वहीं लाहौल घाटी से आवाजाही हो रही है। पुलिस ने एडवायजरी जारी की है। फिलहाल मनाली में धूप खिली है और मौसम साफ है।

जानकारी के मुताबिक बीती रात मनाली में भारी बारिश हुई और फिर ब्यास नदी में मिलने वाले अंजनी महादेव नाले ने रौद्र रूप ले लिया। अटल टनल से पहले धुंधी में भी लैंडस्लाइड के चलते स्नो गैलरी में मलबा घुस गया। इसके अलावा यहां पर मनाली लेह हाईवे का एक हिस्सा ब्यास नदी में बह गया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि मनाली में बादल फटने से धुंधी से पलचान तक बाढ़ आ गई है। ऐसे में लोग इस मार्ग पर आने जाने से बचे। 

अटल टनल के साउथ पोर्टल से आगे हाईवे बंद होने से केलांग मनाली-सरकाघाट बस नार्थ पोर्टल के पास रोक दी गई। सवारियों से खचाखच भरी बस को अब तक रोहतांग दर्रा से होकर जाने की अनुमति नहीं मिली है। लोगों ने विधायक अनुराधा राणा से आग्रह किया है कि केलांग डिपो प्रबंधन को वाया रोहतांग दर्रा बस चलाने का आदेश दिया जाए। फिलहाल अब तक कोई आदेश नहीं आया है।

जानकारी मिली है कि पलचान में दो मकान बाढ़ में बह गए हैं और एक को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, पलचान से आगे पुल को भी नुकसान हुआ है। यहां बड़े-बड़े पत्थर आने से नाले ने अपना रुख बदल लिया और पुराने पुल की तरफ से यह बहने लगा। पलचान में 12 भेड़-बकरियां बाढ़ में बह गई हैं। अंजनी महादेव नाले ने पलचान पुल के पास अपना रुख मोड़ा था। उधरस सोलंग नाला के समीप आखरी नाले में भी बाढ़ आने से सड़क को  नुकसान पहुंचा है।

भारी बारिश और बाढ़ से पलचान, रुआड, कुलंग समेत नेहरुकुण्ड से पतलीकूहल तक के लोग प्रभावित हुए हैं। लोग रातभर सो नहीं पाए और आधी रात को अफरा तफरी का माहौल बना रहा। ब्यास नदी का पानी सड़क पर आ गया है। पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद है और लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। 


Subscribe to our Newsletter