नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी का तोडा मकान

Oct 05, 2023

उज्जैन के आरोपी के मकान व दुकान पर चला बुलडोजर

भोपाल । बीते दिनों प्रदेश के उज्जैन शहर में सतना की नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी आटो चालक भरत सोनी का मकान व दुकान पर प्रशासन का बुलडोजर चल गया। नगर निगम व पुलिस की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी के पिता ने सालों से सरकारी जमीन पर कब्जा कर कच्चा मकान व धार्मिक स्थल बना रखा था। बुधवार को नगर निगम व पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी से उसका नानाखेड़ा स्थित मकान तोड़ दिया।

आरोपित भरत अपने माता-पिता व भाई-भाभी के साथ सालों से रह रहा था। बुधवार दोपहर पुलिस व नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई को देखते हुए आरोपित के पिता ने पहले ही सामान हटा लिया था। निगम कर्मचारियों ने उसका कब्जा भी हटा दिया। मौके पर बनाए गए धार्मिक स्थल को पूजा-पाठ कर वहां से हटा दिया। नगर निगम आयुक्त रोशन कुमार सिंह ने बताया कि नानाखेड़ा में दो साल पूर्व भी आरोपित के अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई की गई थी। नगर निगम ने जगह खाली करने के लिए नोटिस भी जारी कर दिया था। कुछ ही देर में अवैध निर्माण ध्‍वस्‍त कर द‍िया गया। गौरतलब है कि 25 सितंबर को मानसिक रूप से कमजोर सतना की नाबालिग बच्ची देर रात करीब तीन बजे रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भटक रही थी।

उस दौरान आरोपित भरत सोनी उसे अपनी आटो रिक्शा में बैठाकर ले गया और जीवनखेड़ी क्षेत्र में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की थी। इसके बाद वह अर्धनग्न अवस्था में करीब आठ किलोमीटर तक पैदल घूमती रही। इस दौरान उसकी किसी ने मदद नहीं की थी। बड़नगर रोड पर मुरलीपुरा चौराहे से करीब दांडी आश्रम के राहुल आचार्य ने उसकी अवस्था देखकर मदद की और पुलिस को सूचना दी थी।

पुलिस ने एक हजार से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाल पकड़ा था आरोपित को

पुलिस ने एक हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपित भरत सोनी को गिरफ्तार किया था। 



Subscribe to our Newsletter