यूएई में फिर भारी बारिश का अलर्ट.....सरकार ने लोगों से की अपील
May 02, 2024
दुबई । संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) इस हफ्ते फिर से भारी बारिश का सामना कर सकता है। यह देखकर सऊदी सरकार ने लोगों से सावधानी बरतने और बेवजह घर से ना निकलने के लिए कहा गया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि मौसम की स्थिति पिछले महीने की तरह गंभीर नहीं होगी लेकिन सुरक्षा संबंधी सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। नेशनल इमरजेंसी क्राइसिस और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनसीईएमए) ने बारिश के पुर्वानुमान को देखकर बैठक की है। बैठक में यूएई के आंतरिक मंत्रालय (एमओआई), राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (एनसीएम) और दूसरे सरकारी विभागों के अफसर भी शामिल थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक में सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने, परेशानी को कम करने के लिए और व्यवसाय को कम से कम नुकसान हो, इस पर चर्चा की गई। एनसीएम ने बताया कि बीते महीने जिस तरह से भारी बारिश हुई, उस तरह से मौसम रहने की उम्मीद इस बार नहीं है। बुधवार रात से गुरुवार तक यूएई के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होगी। बारिश के साथ कुछ इलाकों में ओले गिरने और बिजली कड़कने की संभावना है। वहीं शुक्रवार और शनिवार को बादल छंटने और हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। दक्षिणी और पूर्वी क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है। आंतरिक मंत्रालय ने बारिश के पूर्वानुमान पर कहा है कि आंतरिक सुरक्षा के लिए सर्वोच्च समिति, मंत्रालय के सचिव की अध्यक्षता में काम कर रही है। टीम मौसम की स्थिति के विकास और अपडेट की लगातार निगरानी कर रही है ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। मंत्रालय ने बताया है कि बारिश से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में सभी जरूरी उपाय किए हैं।